शिक्षक भर्ती घोटाला केस में अभिषेक बनर्जी से ED करेगी पूछताछ, 15 जून को किया तलब

पश्चिम बंगाल के चर्चित शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में ईडी ने तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी को 15 जून को पूछताछ के लिए तलब किया है. जांच एजेंसी कथित मनी लॉन्ड्रिंग और भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

Advertisement
तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी को ईडी ने पूछताछ के लिए 15 जून को तलब किया. (Photo: PTI) तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी को ईडी ने पूछताछ के लिए 15 जून को तलब किया. (Photo: PTI)

अनुपम मिश्रा

  • कोलकाता,
  • 03 जून 2026,
  • अपडेटेड 11:04 PM IST

ईडी ने शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी को 15 जून को पूछताछ के लिए तलब किया है. अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. ईडी अधिकारियों की एक टीम बुधवार शाम दक्षिण कोलकाता स्थित कालीघाट रोड पर अभिषेक बनर्जी के आवास पहुंची. उस समय अभिषेक बनर्जी घर पर मौजूद नहीं थे, इसलिए समन उनके स्टाफ के एक सदस्य को सौंपा गया.

Advertisement

डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी को 15 जून को साल्ट लेक स्थित ईडी के सीजीओ कॉम्प्लेक्स कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है. ईडी साल 2022 से शिक्षक भर्ती घोटाले की जांच कर रही है. इस मामले में एजेंसी तृणमूल कांग्रेस के कई नेताओं से जुड़े परिसरों पर छापेमारी कर चुकी है और पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी समेत कई प्रभावशाली लोगों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है.

पिछले एक साल के दौरान ईडी ने कई अधिकारियों से पूछताछ की है और करोड़ों रुपये की संपत्तियां अटैच की हैं. जांच एजेंसी को संदेह है कि भर्ती प्रक्रिया में फर्जी नियुक्तियों, मेरिट सूची में हेरफेर और अवैध तरीके से शिक्षकों की नियुक्ति कराने वाले बिचौलियों का एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय था. इस मामले में जहां ईडी कथित अवैध कमाई और मनी लॉन्ड्रिंग के पहलुओं की जांच कर रही है, वहीं सीबीआई मामले के अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 'यही उनके कर्मों का फल है...' अभिषेक बनर्जी पर हमले को लेकर बोलीं बीजेपी विधायक रत्ना देबनाथ

दोनों केंद्रीय एजेंसियां जांच के दौरान जुटाए गए सबूतों के आधार पर चरणबद्ध तरीके से आरोपपत्र दाखिल कर रही हैं. अधिकारियों के अनुसार, ईडी इस मामले में अभिषेक बनर्जी से जुड़ी कंपनी 'लीप्स एंड बाउंड्स प्राइवेट लिमिटेड' की भूमिका की भी जांच कर रही है. जांच के दौरान एजेंसी को कथित तौर पर आरोपित बिचौलियों से जुड़े कुछ संदिग्ध वित्तीय लेनदेन के संकेत मिले हैं.

मनी लॉन्ड्रिंग जांच के सिलसिले में ईडी कंपनी के परिसरों पर छापेमारी कर चुकी है और उसकी कुछ संपत्तियां भी अटैच की गई हैं. हालांकि अभिषेक बनर्जी ने किसी भी तरह की अनियमितता या गलत काम में शामिल होने के आरोपों से लगातार इनकार किया है. इस बीच, कोलकाता हाई कोर्ट से अभिषेक बनर्जी के परिवार और उनकी कंपनी 'लीप्स एंड बाउंड्स' को अस्थायी राहत मिली है.

हाई कोर्ट ने कोलकाता नगर निगम (KMC) द्वारा कथित अवैध निर्माण को लेकर जारी नोटिस में प्रक्रियागत खामियां पाई हैं. जस्टिस स्मिता दास डे की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि नगर निगम की ओर से जारी नोटिस अधूरा था और उसमें यह स्पष्ट नहीं किया गया था कि संपत्ति के किस हिस्से को अवैध निर्माण माना जा रहा है. कलकत्ता हाई कोर्ट ने इस आधार पर निगम को नया नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »