'निजाम पैलेस आ जाओ, गप्प करेंगे, चाय पिएंगे और जश्न मनाएंगे..' चंद्रनाथ रथ की वो आखिरी बातचीत

पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद उनके करीबी दोस्त कासिम अली का बयान चर्चा में है. कासिम ने दावा किया कि घटना से कुछ घंटे पहले चंद्रनाथ ने उन्हें चाय और बातचीत के लिए बुलाया था. हत्या के बाद उन्होंने इसे साजिश बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग की है.

Advertisement
शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ ने सबसे अंतिम में किससे बात की इसका खुलासा हो गया है (Photo: PTI) शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ ने सबसे अंतिम में किससे बात की इसका खुलासा हो गया है (Photo: PTI)

पीयूष मिश्रा

  • कोलकाता ,
  • 07 मई 2026,
  • अपडेटेड 11:01 AM IST

शाम करीब 6 बजे बात हुई थी. चंद दा ने कहा था निजाम पैलेस आ जाओ, चाय पिएंगे, गप्प करेंगे, बीजेपी की जीत का जश्न मनाएंगे. हमने कहा आज नहीं आ पाएंगे, कल मिलते हैं. किसे पता था कि वही हमारी आखिरी बातचीत होगी. पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद उनके करीबी दोस्त कासिम अली ने यह बातें बताई. 

Advertisement

बुधवार देर रात हुई इस हत्या के बाद बंगाल की राजनीति गरमा गई है. बीजेपी इसे राजनीतिक हत्या बता रही है, जबकि टीएमसी सीबीआई जांच की मांग कर रही है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. लेकिन इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा चर्चा कासिम अली के उस बयान की हो रही है, जिसमें उन्होंने चंद्रनाथ रथ के साथ हुई आखिरी बातचीत का जिक्र किया.

निजाम पैलेस आ जाओ...

कासिम अली ने बताया कि बुधवार शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बीच उनकी चंद्रनाथ रथ से फोन पर बात हुई थी. वो बुला रहा था लेकिन हम नहीं जा पाए. कासिम अली के मुताबिक, माहौल पूरी तरह सामान्य था. किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ घंटों बाद इतनी बड़ी घटना हो जाएगी.

देर रात हुआ हमला

पुलिस के मुताबिक, बुधवार देर रात मध्यमग्राम इलाके में चंद्रनाथ रथ की कार पर हमला किया गया. बताया जा रहा है कि एक कार और कई बाइक सवार हमलावर उनकी गाड़ी का पीछा कर रहे थे. कुछ दूरी पर उनकी कार को रोका गया और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई. चंद्रनाथ रथ को कई गोलियां लगीं. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता अस्पताल पहुंच गए. कासिम अली ने आजतक से बातचीत में दावा किया कि हमला सिर्फ चंद्रनाथ रथ पर नहीं था. उन्होंने कहा, टारगेट शुभेंदु अधिकारी थे. चंददा उनके सबसे करीबी लोगों में थे. बहुत दिन से रेकी हो रही थी.  कासिम अली का कहना है कि हमलावरों को पूरी जानकारी थी कि चंद्रनाथ रथ कहां रहते हैं और किस रास्ते से आते-जाते हैं. हालांकि पुलिस ने अभी तक इस दावे की पुष्टि नहीं की है.

Advertisement

ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी पर लगाए आरोप

कासिम अली ने बातचीत के दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी पर भी गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा, चंददा की हत्या साजिश के तहत की गई. भवानीपुर चुनाव में जो सफलता मिली थी, उसे कुछ लोग बर्दाश्त नहीं कर पा रहे थे. हालांकि इन आरोपों पर टीएमसी की तरफ से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. कासिम अली बातचीत के दौरान कई बार भावुक भी हुए. उन्होंने कहा, हमारा चंददा छीन लिया गया. बंगाल की जनता इसे कभी नहीं भूलेगी. बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच चंद्रनाथ रथ को “चंददा” नाम से जाना जाता था. वह लंबे समय से शुभेंदु अधिकारी की टीम के साथ जुड़े हुए थे.

एनकाउंटर ही चाहिए 

कासिम अली ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा, हम एनकाउंटर चाहते हैं. 9 तारीख को सुबह हमारा मुख्यमंत्री शपथ लेगा और शाम तक कार्रवाई होनी चाहिए.उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. घटना के बाद पश्चिम बंगाल के डीजीपी सिद्धनाथ गुप्ता भी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से कई कारतूस और अन्य सबूत बरामद किए हैं. सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. जिस कार का इस्तेमाल हमले में हुआ, उसे भी पुलिस ने सीज कर लिया है. शुरुआती जांच में नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की बात सामने आई है.
 

Advertisement

चश्मदीद ने जो बताया 

चश्मदीदों ने पुलिस को बताया कि हमले में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल पर कोई रजिस्ट्रेशन प्लेट नहीं थी, जिससे यह शक पैदा होता है कि यह हमला पहले से ही सोच-समझकर किया गया था. एक सूत्र ने घटनाक्रम बताते हुए कहा, किसी ने उनकी कार का पीछा किया और जब कार धीमी हुई, तो उन्होंने गोली चला दी. गोलीबारी में गाड़ी का ड्राइवर भी घायल हो गया, जिसका कोलकाता के SSKM अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

सूत्रों ने बताया कि घटनास्थल से बरामद गोलियों के खोखे इस बात का संकेत देते हैं कि हमले में किसी छोटे हथियार, संभवतः ऑस्ट्रिया में बनी Glock पिस्टल का इस्तेमाल किया गया होगा. हालांकि, जांचकर्ताओं ने आगाह किया है कि सटीक हथियार की पुष्टि केवल फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो पाएगी. सूत्रों ने कहा, "फॉरेंसिक जांच से पता चलेगा कि हमले में किस तरह के हथियार का इस्तेमाल किया गया था. घटनास्थल से मिले दृश्यों में कार की खिड़की पर गोलियों के निशान दिखाई दिए, जो हमले की भयावहता को दर्शाते हैं. जांचकर्ताओं ने घटनास्थल से खाली कारतूस और जिंदा गोलियां बरामद की हैं.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement