एयरपोर्ट पर हाई वोल्टेज ड्रामा, स्पाइसजेट स्टाफ और यात्रियों में भिड़ंत, जमकर हुई गाली-गलौज

बागडोगरा एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 151 के देरी और बाद में रद्द होने से यात्रियों और स्टाफ के बीच बहस और गाली-गलौज हो गई. घटना का वीडियो वायरल हो गया है. एयरलाइन ने महिला कर्मचारी को सस्पेंड कर दिया है और उन्हें रिफ्रेशर ट्रेनिंग पर भेजा गया है. स्पाइसजेट ने असुविधा पर खेद जताया है.

Advertisement
बागडोगरा एयरपोर्ट पर फ्लाइट कैंसिल के बाद हंगामा, महिला स्टाफ सस्पेंड. (Photo: Screengrab) बागडोगरा एयरपोर्ट पर फ्लाइट कैंसिल के बाद हंगामा, महिला स्टाफ सस्पेंड. (Photo: Screengrab)

अमित भारद्वाज

  • बागडोगरा,
  • 16 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:34 PM IST

बागडोगरा एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 151 को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है. 13 जून को हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें स्पाइसजेट की महिला स्टाफ और यात्रियों के बीच तीखी बहस और गाली-गलौज होती दिखाई दे रही है. यह विवाद फ्लाइट के बार-बार देरी और अंत में रद्द होने के बाद भड़क गया.

Advertisement

जानकारी के अनुसार फ्लाइट SG 151 को दोपहर 4.10 बजे दिल्ली के लिए रवाना होना था, लेकिन इसे लगातार टाला जाता रहा. यात्रियों को बताया गया कि फ्लाइट रात 10 बजे उड़ान भरेगी, लेकिन बाद में इसे रद्द कर दिया गया. इससे यात्री नाराज हो गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई.

एक यात्री नोमान शेख के अनुसार, यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा और इस दौरान उन्हें ठीक से सुविधा भी नहीं दी गई. उन्होंने आरोप लगाया कि यात्रियों को आधा पका हुआ खाना दिया गया और रहने की कोई व्यवस्था नहीं की गई, जिससे गुस्सा और बढ़ गया.

महिला स्टाफ और यात्रियों में तीखी बहस

विवाद बढ़ने पर यात्रियों और एयरलाइन स्टाफ के बीच तीखी बहस हो गई, जो गाली-गलौज तक पहुंच गई. इस पूरी घटना का वीडियो एयरपोर्ट पर मौजूद लोगों ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. स्पाइसजेट ने इस घटना को लेकर आधिकारिक बयान जारी किया है. एयरलाइन ने बताया कि 13 जून 2026 को बागडोगरा से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट SG 151 को खराब मौसम और वॉच आवर की सीमाओं के कारण पहले डाइवर्ट किया गया और बाद में रद्द करना पड़ा.

Advertisement

कंपनी के अनुसार खराब मौसम के कारण विमान को कोलकाता डायवर्ट करना पड़ा, जिससे उड़ान में देरी हुई. बाद में समय सीमा पूरी हो जाने के कारण फ्लाइट को रद्द करना पड़ा. एयरलाइन ने कहा कि इस अचानक हुई रद्दीकरण की वजह से कुछ नाराज यात्रियों और स्टाफ के बीच बहस हो गई. स्पाइसजेट ने कहा कि मौसम की स्थिति उनके नियंत्रण से बाहर है और यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है.

SG 151 की बार-बार देरी और रद्दीकरण से भड़के यात्री

स्पाइसजेट ने यह भी बताया कि इस घटना के बाद संबंधित महिला कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है. उन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर रिफ्रेशर ट्रेनिंग के लिए भेजा गया. स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा कि यात्रियों, क्रू और ऑपरेशन की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाता है. फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और एयरपोर्ट पर हुए इस हंगामे ने एयरलाइन सेवाओं और प्रबंधन पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »