अखिलेश यादव और एडिशनल SP की बातचीत का वीडियो वायरल, चुटकी लेते दिखे सपा प्रमुख

सपा प्रमुख अखिलेश यादव का 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में वह एडिशनल एसपी डॉ. संसार सिंह से बातचीत करते हुए उनकी 'पुरानी पोस्टिंग' का जिक्र करते नजर आ रहे हैं. यह वीडियो उस समय का बताया जा रहा है जब मतदान के दिन कन्नौज में बूथ गड़बड़ी की शिकायतों के बीच पुलिस ने उन्हें तालग्राम स्थित फॉरेंसिक लैब के पास रोक लिया था. डॉ. संसार सिंह पहले रामपुर में भी तैनात रह चुके हैं.

Advertisement
अखिलेश यादव कन्नौज लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे थे. (File Photo: ITG) अखिलेश यादव कन्नौज लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे थे. (File Photo: ITG)

नीरज श्रीवास्तव

  • कन्नौज,
  • 26 मई 2026,
  • अपडेटेड 7:03 PM IST

समाजवादी पार्टी प्रमुख और कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव का एक पुराना वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में अखिलेश यादव एक पुलिस अधिकारी को अपने पास बुलाकर उनसे बातचीत करते नजर आ रहे हैं. इस दौरान वह मुस्कुराते हुए कहते हैं, 'एडिशनल साहब, मैंने आपकी बात मानी कि नहीं मानी?' इस पर अधिकारी धीमी आवाज में 'हां' कहते सुनाई देते हैं. इसके बाद अखिलेश यादव मीडिया की ओर देखते हुए कहते हैं, 'इनका परिचय आप नहीं जानते होंगे, इनका परिचय हम जानते हैं या ये जानते हैं… पुराना वाला भी हम जानते हैं, पुरानी पोस्टिंग भी जानते हैं.'

Advertisement

बताया जा रहा है कि यह वीडियो 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान मतदान वाले दिन का है. उस समय अखिलेश यादव कन्नौज लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे थे. मतदान के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने कई बूथों पर धांधली और गड़बड़ी के आरोप लगाए थे, जिसके बाद अखिलेश यादव खुद कन्नौज पहुंच गए थे. उन्होंने छिबरामऊ इलाके के कई मतदान केंद्रों का दौरा करने की कोशिश की थी.

कब का है वीडियो?
हालांकि, प्रशासन ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए उन्हें आगे जाने से रोक दिया. जानकारी के मुताबिक, जब अखिलेश यादव लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे से होते हुए कन्नौज की ओर जा रहे थे, तभी तालग्राम क्षेत्र स्थित फॉरेंसिक लैब के पास पुलिस ने उनके काफिले को रोक लिया. इसके बाद वह वहीं फॉरेंसिक लैब परिसर में बैठ गए और मीडिया से बातचीत करने लगे. इसी दौरान का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Advertisement

कौन है पुलिस अधिकारी?
जिस पुलिस अधिकारी से अखिलेश यादव बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं, उनका नाम डॉ. संसार सिंह बताया जा रहा है. वह मूल रूप से बिजनौर के रहने वाले हैं और 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान कन्नौज में एडिशनल एसपी के पद पर तैनात थे. इससे पहले वह 2019 से 2022 तक रामपुर में भी एडिशनल एसपी के रूप में कार्यरत रहे थे.

रामपुर में उनकी तैनाती के दौरान सपा नेता आजम खान और उनके परिवार के खिलाफ कई कानूनी कार्रवाइयां हुई थीं. माना जा रहा है कि वायरल वीडियो में अखिलेश यादव द्वारा 'पुरानी पोस्टिंग' का जिक्र इसी संदर्भ में किया गया था. सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को अलग-अलग राजनीतिक संदर्भों में शेयर कर रहे हैं और इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement