उत्तर प्रदेश के वाराणसी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जहां एक सब्जी विक्रेता दंपति पर पीएसी जवान ने रॉड से हमला कर दिया. जिससे दंपति लहूलुहान होकर बीच सड़क गिर गया और शरीर से खून निकलने लगा. वहीं वहां मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया तो पीएसी जवान ने उनपर भी हमला कर दिया. फिलहाल गंभीर हालत में दंपति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
दरअसल वाराणसी के मड़वाड़ी थाना अंतर्गत भूलनपुर गांव के पास बीते शनिवार शाम 6 बजे पीएससी जवान द्वारा सब्जी विक्रेता दंपति पर रॉड से हमला कर दिया गया. बताया जाता है कि पीएसी जवान आशुतोष कुमार और सब्जी विक्रेता राधेश्याम के बीच सब्जी के दाम को लेकर कुछ कहासुनी हुई. जिसके बाद पीएसी जवान ने सब्जी विक्रेता राधेश्याम और उनकी पत्नी गीता देवी के ऊपर रॉड से बुरी तरह से हमला कर दिया.
यह भी पढ़ें: रात 2 बजे शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचे दारोगा जी, रंगेहाथ पकड़े गए, लोगों ने जमकर की पिटाई
बहस के बाद की पिटाई
भूलनपुर गांव के पास महाराजगंज के औराई थाना क्षेत्र निवासी राधेश्याम और उनकी पत्नी गीता देवी दो सालों से सब्जी की दुकान चला रहे हैं. बीते शनिवार को सब्जी की दुकान पर पीएसी जवान आशुतोष पहुंचा और सब्जी की रेट को लेकर उसने सब्जी विक्रेता दंपति को बुरी तरीके से पीट कर लहूलुहान कर दिया. सब्जी विक्रेता दंपति को बुरी तरह से पिटता देख मौके पर मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया तो वह उनसे भी भिड़ गया.
जिसके बाद पीएसी जवान को लोगों ने पकड़कर पीट दिया फिर तत्काल पुलिस को सूचना दे कर उसको पुलिस के हवाले कर दिया. एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा ने पूरे मामले को लेकर फोन पर बात भी की. उन्होंने बताया कि पीएसी जवान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. साथ ही साथ रॉड भी बरामद कर ली गई है. मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है.
(इनपुट- बृजेश कुमार)
aajtak.in