वाराणसी: गंगा से प्रकट हुए महादेव? 2500 साल पुराने शिवलिंग के दावे से मची हलचल, 10-15 लोगों ने मिलकर उठाया

वाराणसी में गंगा नदी से एक विशाल और भारी शिवलिंग मिलने के बाद लोगों में उत्सुकता बढ़ गई है. सूजाबाद क्षेत्र के शक्ति घाट के पास नाविकों के जाल में फंसे इस शिवलिंग को बाहर निकाला गया. स्थानीय लोगों का दावा है कि यह करीब 2500 साल पुराना और दो क्विंटल वजनी शिवलिंग हो सकता है.

Advertisement
शिवलिंग के मौर्य काल से जुड़ा होने की चर्चा. (Photo: Screengrab) शिवलिंग के मौर्य काल से जुड़ा होने की चर्चा. (Photo: Screengrab)

रोशन जायसवाल

  • वाराणसी ,
  • 08 जून 2026,
  • अपडेटेड 8:04 PM IST

वाराणसी में गंगा नदी से एक विशाल शिवलिंग मिलने के बाद लोगों में कौतूहल और श्रद्धा का माहौल है. गंगा के उस पार स्थित सूजाबाद क्षेत्र के शक्ति घाट के पास नाविकों के जाल में एक भारी-भरकम शिवलिंग फंस गया. इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से शिवलिंग को बाहर निकाला गया और गंगा किनारे सुरक्षित स्थान पर रखा गया.

जानकारी के अनुसार, यह शिवलिंग शक्ति घाट से लगभग 200 मीटर की दूरी पर गंगा नदी में मिला. नाविक जब नदी में जाल डालकर अपना काम कर रहे थे, तभी उनके जाल में यह विशाल शिवलिंग फंस गया. काफी मशक्कत के बाद इसे बाहर निकाला गया. इसके बाद शिवलिंग को गंगा पार लाकर सूजाबाद स्थित गंगा मंदिर के बाहर अस्थायी रूप से रखा गया है.

Advertisement

नाविकों के जाल में फंसा विशाल शिवलिंग

स्थानीय लोगों के अनुसार, शिवलिंग का वजन करीब दो क्विंटल बताया जा रहा है. इसे उठाने के लिए 10 से 15 लोगों को एक साथ प्रयास करना पड़ा. शिवलिंग के आकार और पत्थर की बनावट को देखकर कई लोग इसे बेहद प्राचीन मान रहे हैं. कुछ लोगों का दावा है कि यह शिवलिंग लगभग 2500 साल पुराना हो सकता है. वहीं कई लोगों का मानना है कि इसका संबंध मौर्य काल से हो सकता है.

शिवलिंग मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु वहां पहुंचने लगे हैं. गंगा मंदिर के बाहर रखे गए इस शिवलिंग के दर्शन और पूजन का सिलसिला लगातार जारी है. श्रद्धालु इसे भगवान शिव का विशेष आशीर्वाद मानकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं.

नमामि गंगे के पदाधिकारी दर्शन निषाद ने बताया कि यह काले पत्थर का शिवलिंग माना जा रहा है और स्थानीय स्तर पर इसे करीब ढाई हजार साल पुराना बताया जा रहा है. उन्होंने कहा कि यह शिवलिंग 5 जून को मिला था. बाद में इसकी जानकारी लोगों तक पहुंची, जिसके बाद इसे गंगा मंदिर के एक चबूतरे पर स्थापित किया गया.

Advertisement

दर्शन निषाद ने बताया कि इस संबंध में पुरातत्व विभाग को भी सूचना दे दी गई है. हालांकि अब तक विभाग की ओर से कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची है. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि विशेषज्ञ इसकी जांच कर इसके वास्तविक इतिहास और कालखंड के बारे में जानकारी देंगे.

पुरातत्व विभाग को दी गई सूचना

फिलहाल गंगा से मिले इस विशाल शिवलिंग को देखने और उसके दर्शन करने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है. शिवलिंग की प्राचीनता को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं, लेकिन इसके इतिहास की पुष्टि पुरातात्विक जांच के बाद ही हो सकेगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »