कोड़े से पिटाई, पिटबुल कुत्तों का पहरा... यूपी में 2 साल से कैद थे 13 मजदूर!

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक झोला बनाने वाली फैक्ट्री से 13 बंधुआ मजदूरों का रेस्क्यू किया गया है. मजदूरों को मोटी सैलरी का लालच देकर लाया गया था, लेकिन वहां उनके मोबाइल और आधार कार्ड छीन लिए गए थे. मजदूरों को पिटबुल कुत्तों की निगरानी में रखा गया था और उनकी लाठी-डंडों से पिटाई की जाती थी.

Advertisement
मजदूरों को मोटी सैलरी का लालच देकर फैक्ट्री लाया गया था. (Photo- Screengrab/ITGD) मजदूरों को मोटी सैलरी का लालच देकर फैक्ट्री लाया गया था. (Photo- Screengrab/ITGD)

संदीप सैनी

  • लखनऊ,
  • 24 जून 2026,
  • अपडेटेड 4:55 PM IST

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में श्रम विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने सोमवार को एक बड़ी छापेमारी की है. टीम ने एक झोला बनाने वाली फैक्ट्री में चल रहे बंधुआ मजदूरी के बड़े खेल का भंडाफोड़ किया है. 

इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान फैक्ट्री की ऊंची दीवारों के पीछे बंधक बनाकर रखे गए 13 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है. ये मजदूर पिछले करीब दो साल से वहां कैद थे और नरक से बद्तर जिंदगी जी रहे थे.

Advertisement

इस मामले का खुलासा तब हुआ जब एक मजदूर किसी तरह फैक्ट्री की सुरक्षा को चकमा देकर भाग निकला. उसने स्थानीय पुलिस स्टेशन पहुंचकर अधिकारियों को सारा माजरा सुनाया. इसके बाद ही पुलिस ने फैक्ट्री पर छापा मारा. 

मोटी सैलरी का लालच देकर लाए गए थे मजदूर

फैक्ट्री की कैद से छूटे इन मजदूरों ने मालिकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. मजदूरों ने बताया कि उन्हें अच्छे काम और मोटी तनख्वाह का लालच देकर यहां लाया गया था. लेकिन फैक्ट्री पहुंचते ही उनके मोबाइल फोन और आधार कार्ड छीन लिए गए.

मजदूरों ने बताया कि उन्हें उनके परिवारों से पूरी तरह काट दिया गया ताकि वो किसी से संपर्क न कर सकें. मजदूरों को भागने से रोकने के लिए फैक्ट्री परिसर में दो खूंखार पिटबुल कुत्ते भी पाले गए थे, जिन्हें देखकर मजदूर हमेशा डरे रहते थे.

Advertisement

24 घंटे में सिर्फ एक बार मिलती थी सूखी रोटी

पीड़ित मजदूरों के मुताबिक, उन्हें पैसे नहीं दिए जाते थे और खाने के नाम पर बहुत कम खाना दिया जाता था. उन्हें हर 24 घंटे में सिर्फ एक बार सूखी रोटी दी जाती थी. अगर कोई मजदूर इसका विरोध करता या वहां से भागने की कोशिश करता, तो उसे लाठियों-कोड़े से बेरहमी से पीटा जाता था. 

कई मजदूरों के शरीर पर मारपीट के गहरे निशान भी मौजूद हैं. पुलिस ने मौके से मारपीट में इस्तेमाल होने वाली लाठियां और दूसरी चीजें बरामद कर ली हैं. 

मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

रेस्क्यू किए गए मजदूरों की पहचान रामू, विक्रम, नारायण, सीताराम, संतोष, शिवम जाटव, जगदीश, राजहंस, साहिल, रंजीत पासवान, दिलशाद, उज्ज्वल और सोनू चौहान के रूप में हुई है. ये मजदूर हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, झारखंड, बिहार, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों और पड़ोसी देश नेपाल से लाए गए थे. इस मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों, शिवम त्यागी और प्रदीप बालियान को गिरफ्तार कर लिया है.

यह भी पढ़ें: एक महिला, 6 पुरुष और गेस्ट हाउस... छापा पड़ा तो कमरों में मिली आपत्तिजनक सामग्री, सेक्स रैकेट का भंडाफोड़

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या लंबे समय तक बंधक रहने के कारण कुछ मजदूरों की वहां मौत भी हुई थी. रेस्क्यू के बाद सभी मजदूरों का मेडिकल कराया गया. प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका माला पहनाकर स्वागत किया और उन्हें घर भेजने के पुख्ता इंतजाम किए और अब मामले की आगे की जांच की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »