बदायूं बायोगैस प्लांट हत्याकांड पर एक्शन मोड में सरकार, CM योगी के आदेश पर SIT गठित

बदायूं के सेजनी गांव स्थित बायोगैस प्लांट में दो वरिष्ठ अधिकारियों की हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश सरकार ने SIT गठित की है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बरेली मंडलायुक्त की अध्यक्षता में टीम जांच करेगी. पुलिस मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है. मामले के बाद बदायूं के एसएसपी का तबादला भी कर दिया गया है और प्लांट की सुरक्षा बढ़ाई गई है.

Advertisement
जीएम सुधीर गुप्ता और एजीएम हर्षित मिश्रा (File Photo) जीएम सुधीर गुप्ता और एजीएम हर्षित मिश्रा (File Photo)

aajtak.in

  • बदायूं,
  • 14 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 11:32 PM IST

यूपी के बदायूं जिले में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के एथेनॉल प्लांट में दो वरिष्ठ अधिकारियों की हत्या के मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया है. यह फैसला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर लिया गया है. 

आधिकारिक बयान के अनुसार SIT का गठन बरेली मंडलायुक्त की अध्यक्षता में किया गया है. यह टीम घटना के सभी पहलुओं की गहराई से जांच करेगी ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरे मामले का खुलासा किया जा सके.

Advertisement

यह भी पढ़ें: UP के बदायूं में दिनदहाड़े मर्डर... HPCL एथेनॉल प्लांट में घुसकर GM और AGM की गोली मारकर हत्या

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, साजिश के एंगल की भी जांच

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस मामले में पहले ही त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान यदि किसी बड़ी साजिश या अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

सरकार ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्लांट की सुरक्षा भी बढ़ा दी है. बायोगैस प्लांट परिसर में एक पुलिस चौकी भी स्थापित कर दी गई है ताकि औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.

एसएसपी का तबादला, नई तैनाती

इसी बीच राज्य सरकार ने शुक्रवार रात बदायूं के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह का तबादला कर दिया. उन्हें लखनऊ में पुलिस अधीक्षक (लॉजिस्टिक्स) के पद पर नियुक्त किया गया है.

Advertisement

उनकी जगह कासगंज की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा को बदायूं का नया एसएसपी बनाया गया है. यह तबादला उस घटना के एक दिन बाद हुआ है, जिसमें बदायूं जिले के मुसाजहाग थाना क्षेत्र के सेजनी गांव स्थित एथेनॉल प्लांट में दो वरिष्ठ अधिकारियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

दो वरिष्ठ अधिकारियों की हुई थी हत्या

इस घटना में प्लांट के जनरल मैनेजर सुधीर कुमार गुप्ता (58) और असिस्टेंट जनरल मैनेजर हर्षित मिश्रा (34) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. पुलिस ने इस मामले में एक ब्लैकलिस्टेड वेंडर को गिरफ्तार किया है.

वहीं, आंवला लोकसभा क्षेत्र से पूर्व भाजपा सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने इस हत्याकांड की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराने की मांग की है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय सुनिश्चित करने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement