UP में बिना हेलमेट बाइक चलाने पर BJP विधायक का वीडियो वायरल, खुद कटवाया चालान

देवरिया के बीजेपी विधायक शलभ मणि त्रिपाठी का बिना हेलमेट बाइक चलाने का वीडियो वायरल हुआ तो उन्होंने खुद पुलिस से चालान काटने को कहा. पुलिस ने 1000 रुपये का जुर्माना लगाया, जिसे उन्होंने भरा. साथ ही लोगों से ट्रैफिक नियम मानने और हेलमेट पहनने की अपील भी की.

Advertisement
शलभ मणि त्रिपाठी ने जनता से की अपील- सड़क पर हमेशा हेलमेट पहनकर निकलें (Photo: X/ @shalabhmani) शलभ मणि त्रिपाठी ने जनता से की अपील- सड़क पर हमेशा हेलमेट पहनकर निकलें (Photo: X/ @shalabhmani)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 18 मई 2026,
  • अपडेटेड 5:35 PM IST

उत्तर प्रदेश के देवरिया में बीजेपी विधायक शलभ मणि त्रिपाठी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वीडियो में विधायक बिना हेलमेट बाइक चलाते नजर आए. मामला सामने आने के बाद विधायक ने सफाई देने के बजाय खुद अपनी गलती मानी और पुलिस से कहा कि ट्रैफिक नियम तोड़ने पर उनका चालान काटा जाए. इसके बाद पुलिस ने विधायक का 1000 रुपये का चालान भी कर दिया.

Advertisement

दरअसल, यह पूरा मामला रविवार शाम का बताया जा रहा है. बीजेपी विधायक शलभ मणि त्रिपाठी अपने घर पर थे, तभी पार्टी कार्यकर्ता अनुज प्रमोद मणि नई बाइक लेकर पहुंचे. कार्यकर्ता ने विधायक से नई बाइक की शुरुआत करने के लिए थोड़ी दूर चलाने की गुजारिश की. विधायक ने उनका आग्रह मान लिया और बाइक लेकर निकल पड़े. लेकिन इस दौरान उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था. कुछ ही देर में बाइक चलाते हुए उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई. इसके बाद विधायक ने खुद इस मामले पर प्रतिक्रिया दी और माना कि बिना हेलमेट बाइक चलाना नियमों के खिलाफ है.

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने पुलिस प्रशासन से संपर्क कर कहा कि उन्होंने ट्रैफिक नियम का उल्लंघन किया है, इसलिए उनके खिलाफ नियम के मुताबिक कार्रवाई की जाए. उन्होंने पुलिस को पत्र लिखकर भी चालान काटने की मांग की. इसके बाद पुलिस ने 1000 रुपये का चालान जारी किया, जिसे शलभ मणि ने जमा भी कर दिया.

Advertisement

शलभ मणि त्रिपाठी  के अनुसार, पार्टी कार्यकर्ता के आग्रह पर उन्होंने कुछ दूरी तक नई बाइक चलाई थी. लेकिन बिना हेलमेट ऐसा करना गलत था. उनका कहना है कि यह ट्रैफिक नियम और सुरक्षा, दोनों के लिहाज से सही नहीं था.

इसके बाद, उन्होंने लोगों से भी अपील की कि इस गलती को कोई न दोहराए. उनका कहना है कि हेलमेट सिर्फ चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी जान की सुरक्षा के लिए जरूरी है. रास्ता छोटा हो या लंबा, बाइक चलाते समय हेलमेट जरूर पहनना चाहिए.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement