वाराणसी के यूपी कॉलेज में छात्र की हत्या के बाद तोड़फोड़, टीचर का सिर फटा-गाड़ियां क्षतिग्रस्त, कैंपस कराया जा रहा खाली

Varanasi Student Murder: वाराणसी के उदय प्रताप कॉलेज (यू.पी कॉलेज) में बीएससी छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या के बाद छात्रों ने भारी हंगामा और तोड़फोड़ की, जिसमें एक शिक्षक का सिर फट गया. पुलिस ने मुख्य आरोपी मंजीत चौहान और अनुज ठाकुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पूरे कैंपस को खाली कराकर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

Advertisement
वाराणसी में छात्र की हत्या के बाद बवाल (Photo- Screengrab) वाराणसी में छात्र की हत्या के बाद बवाल (Photo- Screengrab)

रोशन जायसवाल

  • वाराणसी ,
  • 20 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 7:16 PM IST

वाराणसी के उदय प्रताप कॉलेज (यू.पी कॉलेज) में बीएससी सेकंड ईयर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने मंजीत चौहान और उसके साथी अनुज ठाकुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. बताया जा रहा है मंजीत के साथ उसका साथी अनुज भी घटना के समय उसके साथ मौजूद था. 

इस बीच वारदात से आक्रोशित कॉलेज के छात्रों ने तीन टीचरों को निशाना बनाया. कॉलेज के अंदर तोड़फोड़ की गई जिसमें कई लोग चोटिल हो गए और कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं. फिलहाल, पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है और कॉलेज परिसर को खाली कराया जा रहा है. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है. 

Advertisement

मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, छात्रों के हिंसक प्रदर्शन में एक टीचर का सिर फट गया है. साथी टीचर उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे हैं. तनाव बढ़ता देख पुलिस ने अपनी सुरक्षा के घेरे में कॉलेज कैंपस को ले लिया है. टीचर और अन्य कर्मचारियों को बाहर निकालने का काम किया जा रहा है. खुद कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने घटनास्थल का दौरा किया है.  

आपको बता दें कि शुक्रवार दोपहर यू.पी कॉलेज में पढ़ाई करने वाले 23 साल के बीएससी छात्र सूर्य प्रताप सिंह को कैंपस में ही गोलियों से भून दिया गया. छात्रों के आपसी विवाद में इस वारदात को अंजाम दिया गया. एक चश्मदीद का कहना है कि ये सारी घटना प्रिंसिपल के सामने हुई. दोनों छात्रों के बीच विवाद हो रहा था. बीच में प्रिंसिपल आए और उन्होंने दोनों को हड़काया. इस दौरान दूसरे छात्र ने अचानक पिस्तौल निकाल ली और गोली चलानी शुरू कर दी.

Advertisement

जानकारी के मुताबिक, मृतक को मंजीत चौहान नाम के छात्र ने गोली मारी है. वह वाराणसी का ही रहने वाला है. आरोपी पिस्तौल लेकर चल रहा था. घटना के बाद वह असलहा छोड़कर भाग गया. गुस्साए छात्रों का कहना है कि उन्हें इंसाफ चाहिए. जब तक इंसाफ नहीं मिलेगा, कॉलेज नहीं चलने देंगे.

बता दें कि सूर्य प्रताप सिंह गाजीपुर का रहने वाला था. वह पढ़ाई में काफी तेज था और कॉलेज में फेमस भी था. उसकी हत्या से साथियों में आक्रोश है और वे सड़क पर उतर आए हैं. वहीं, मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है. रोते-बिलखते परिजन बीचएयू अस्पताल पहुंचे हैं जहां मृतक का पोस्टमार्टम किया गया. शाम साढ़े 5 बजे परिजन शव लेकर अपने पैतृक आवास के लिए रवाना हो गए हैं. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement