उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां बारात में बज रहे तेज डीजे की आवाज से पोल्ट्री फार्म में पल रही 140 मुर्गियों की मौत हो गई. घटना के बाद पीड़ित पोल्ट्री फार्म संचालक ने पुलिस से शिकायत की, जिस पर पुलिस ने डीजे संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. यह घटना 25 अप्रैल की बताई जा रही है.
घटना बल्दीराय थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव की है. यहां रहने वाले बब्बन विश्वकर्मा की बेटी का विवाह 25 अप्रैल को था. कुड़वार थाना क्षेत्र के राम भद्र पुरवा गांव से बारात आई हुई थी. इसी दौरान बारात के साथ तेज आवाज में डीजे गांव से गुजर रहा था, जो गांव के निवासी साबिर अली के पोल्ट्री फार्म के सामने से निकला.
यह भी पढ़ें: सुल्तानपुर: पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर आज दिखेगा वायुसेना का दम, राफेल-जगुआर-मिराज और तेजस करेंगे 'टच एंड गो' अभ्यास
डीजे की तेज और कानफोड़ू आवाज से पोल्ट्री फार्म में अफरा-तफरी मच गई. पोल्ट्री फार्म संचालक साबिर अली का कहना है कि तेज आवाज से मुर्गियां बुरी तरह डर गईं और घबराहट में 140 मुर्गियों की मौत हो गई.
शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना के बाद पोल्ट्री फार्म संचालक ने पुलिस से शिकायत की. मामले का संज्ञान लेते हुए बल्दीराय थाने के उपनिरीक्षक भरत सिंह ने कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने कुड़वार थाना क्षेत्र के परसीपुर निवासी डीजे संचालक कवि यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है. मामले में डीजे संचालक की भूमिका की पड़ताल की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
नितिन श्रीवास्तव