उत्तर प्रदेश के सोनभद्र से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जहां पत्नी की विदाई न होने से नाराज एक युवक बिजली के हाई टेंशन टावर पर चढ़ गया. यह घटना रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छपका की है, जहां युवक ने गुस्से में आकर अपनी जान जोखिम में डाल दी. मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
जानकारी के अनुसार करमा थाना क्षेत्र का रहने वाला विश्राम कुमार उम्र करीब 23 वर्ष अपनी ससुराल पत्नी को विदा कराने आया था. इस दौरान किसी बात को लेकर ससुराल वालों से उसकी कहासुनी हो गई. युवक को लगा कि उसके ससुराल वाले उसकी पत्नी की विदाई नहीं करेंगे.
बिजली के हाई टेंशन टावर पर चढ़ा युवक
इससे नाराज होकर विश्राम कुमार पास ही लगे 33000 वोल्ट के हाई टेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया. युवक को टावर पर चढ़ता देख इलाके में हड़कंप मच गया. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. घटना की सूचना किसी ने रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. इसके बाद सीओ रणधीर मिश्रा भी घटनास्थल पर पहुंचे.
समझाकर युवक को नीचे उतारा
इस घटना पर सीओ ने काफी देर तक युवक को समझाया और उसे भरोसे में लिया. युवक को विश्वास दिलाया गया कि उसकी हर मांग पूरी करने का प्रयास किया जाएगा. समझाने बुझाने के बाद युवक टावर से नीचे उतरा. घटना के बाद लोगों ने राहत की सांस ली. युवक की पहचान विश्राम कुमार के रूप में हुई है, जिसने अपनी नाराजगी में यह कदम उठाया था.
विधु शेखर मिश्रा