बहराइच में कार, नेपाल में घूमने के वीडियो और अब NBW, श्रद्धा दुबे पर कसा पुलिस का शिकंजा

लखनऊ के शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में श्रद्धा दुबे, रश्मि समेत फरार आरोपियों के खिलाफ अदालत ने गैर-जमानती वारंट जारी किया है. पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी है. श्रद्धा के नेपाल में होने की आशंका है. इससे पहले उसने वीडियो जारी कर खुद को बेगुनाह बताते हुए शिवा की मौत को आत्महत्या बताया था.

Advertisement
श्रद्धा दुबे समेत फरार आरोपियों पर पुलिस ने कसा शिकंजा. (Photo: ITG) श्रद्धा दुबे समेत फरार आरोपियों पर पुलिस ने कसा शिकंजा. (Photo: ITG)

अंकित मिश्रा

  • लखनऊ,
  • 16 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:05 PM IST

उत्तर प्रदेश के लखनऊ में शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने फरार आरोपियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. श्रद्धा दुबे, रश्मी दुबे और तनवीर अली उर्फ दानिश के खिलाफ अदालत से गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी हो गया है. वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी है. पुलिस अब फरार आरोपियों तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. इस मामले में मुख्य आरोपित श्रद्धा दुबे का अब तक पता नहीं चल सका है. पुलिस को आशंका है कि वह अपनी बहन और ड्राइवर के साथ नेपाल भाग गई है. जांच के दौरान नेपाल के एक बस स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में तीनों के दिखाई देने की बात सामने आई है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के सीतापुर, लखीमपुर खीरी और बहराइच के रास्ते नेपाल पहुंचने की आशंका है. तीनों के बारे में सूचना देने वाले के लिए 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है.

Advertisement

श्रद्धा दुबे की कार बहराइच में पार्क होने की जानकारी सामने आई है. दूसरी ओर, सोशल मीडिया पर उसके नेपाल में कभी ई-रिक्शा तो कभी साइकिल रिक्शा से घूमने के वीडियो वायरल हो रहे हैं. इन वीडियो के सामने आने के बाद भी पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. पुलिस वायरल वीडियो और दूसरे साक्ष्यों की मदद से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. इससे पहले श्रद्धा दुबे ने वीडियो जारी कर खुद को बेगुनाह बताया था. उसने दावा किया था कि शिवा शर्मा की हत्या नहीं हुई, बल्कि उन्होंने आत्महत्या की थी. श्रद्धा ने नेताओं और अधिकारियों के साथ अपना नाम जोड़े जाने पर भी कड़ी आपत्ति जताई थी. हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत की परिस्थितियों को लेकर अभी अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है.

Advertisement

श्रद्धा दुबे समेत आरोपियों पर NBW जारी

अलीगंज के सेक्टर-एफ निवासी 28 वर्षीय शिवा शर्मा कई रेस्टोरेंट और कैफे संचालित करते थे. 9 अक्टूबर को हजरतगंज के बल्लू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. घटना के बाद परिवार ने श्रद्धा दुबे और अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ऊंचाई से गिरने के कारण गंभीर चोटों की पुष्टि हुई थी. हालांकि, रिपोर्ट से यह स्पष्ट नहीं हुआ कि शिवा ने आत्महत्या की थी, वह हादसे का शिकार हुए थे या उन्हें किसी ने धक्का दिया था. यही वजह है कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

पुलिस ने तेज की छापेमारी

शिवा के परिजनों ने पुलिस को उनकी एक डायरी भी सौंपी है. परिवार के मुताबिक, इसमें पिछले चार से पांच महीनों के दौरान कथित प्रताड़ना का जिक्र है. इसके अलावा श्रद्धा दुबे के कुछ गैंगस्टरों के साथ संबंध होने के दावे से जुड़ी तस्वीरें भी सामने आई हैं. पुलिस इन तथ्यों की जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस वायरल ऑडियो, बैंक ट्रांजैक्शन और सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल कर रही है. अदालत से गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है. अब पुलिस की कोशिश है कि आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और शिवा शर्मा की मौत से जुड़े सवालों के जवाब सामने लाए जा सकें.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »