मेरठ-करनाल हाइवे पर बिखरे मिले 4 लाख रुपये, पुलिस ने बटोरे, अब तक नहीं मिला असली दावेदार

मेरठ-करनाल हाइवे पर सड़क के किनारे और बीचों-बीच 500-500 और 200 रुपये के नोट इस कदर बिखरे पड़े थे, मानों पैसों की बारिश हो गई हो. कुछ ही मिनटों में खबर फैली और हाइवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. इस नजारे के बीच राहगीरों ने जो किया, उसने सबका दिल जीत लिया. बिना लालच के करीब 4 लाख रुपये इकट्ठा कर सीधे पुलिस के हवाले कर दिए.

Advertisement
राहगीर ने पुलिस दी थी नोटों की सूचना. (Photo: Screengrab) राहगीर ने पुलिस दी थी नोटों की सूचना. (Photo: Screengrab)

शरद मलिक

  • शामली,
  • 24 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 2:44 PM IST

उत्तर प्रदेश के शामली में ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने लोगों को हैरान भी किया और ईमानदारी की मिसाल भी पेश की. मेरठ-करनाल हाइवे पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क पर 500 और 200 रुपये के नोट बिखरे हुए नजर आए. कुछ ही देर में यह खबर फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.

Advertisement

यह घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के काबड़ौत पुल के पास की है. बुधवार देर शाम पुलिस हाइवे पर नियमित चेकिंग कर रही थी, इसी दौरान अमित नाम के एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी कि पुल के आसपास सड़क पर बड़ी संख्या में नोट बिखरे हुए हैं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लगभग 500 मीटर तक फैले नोटों को इकट्ठा करना शुरू किया.

जब पुलिस ने जांच शुरू की तो सामने आया कि करीब 500 मीटर के दायरे में 500-500 और 200 रुपये के नोट बिखरे हैं. पुलिस ने सभी नोटों को इकट्ठा किया.

कुछ समय बाद पुलिस ने सभी नोटों को इकट्ठा कर कोतवाली पहुंचाया. वहां जब पूरी रकम की गिनती की गई तो कुल राशि लगभग 4 लाख रुपये निकली. कई नोटों की गड्डियों पर बैंक की पर्चियां और नाम भी लगे हुए मिले. इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि यह रकम किसी बैंक से निकाली गई थी और किसी वाहन से गिर गई होगी.

Advertisement

इस दौरान लोगों ने जो ईमानदारी दिखाई, वह सराहनीय थी. कई लोग नोट देखकर उन्हें उठाकर अपने पास रख सकते थे, लेकिन लोगों ने ऐसा नहीं किया और पूरी रकम पुलिस को सौंप दी.

यह भी पढ़ें: UP: साधारण से दिखने वाले लड़के के बैग से निकलने लगीं 500-500 के नोटों की गड्डियां, पुलिस भी रह गई हैरान

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल जिले के किसी भी थाने में इतनी बड़ी रकम गुम होने की कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. इसके बाद पुलिस ने आसपास की बैंक शाखाओं से संपर्क करना शुरू कर दिया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह रकम किस खाते से निकाली गई थी और किन परिस्थितियों में हाईवे पर गिर गई.

अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) सुमित शुक्ला ने बताया कि पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि उस वाहन की पहचान की जा सके, जिससे यह रकम गिरी है. हाइवे के आसपास लगे कैमरों को भी खंगाला जा रहा है. उन्होंने यह भी बताया कि बरामद की गई राशि को फिलहाल मालखाने में सुरक्षित जमा कर दिया गया है. जब तक असली मालिक की पहचान नहीं हो जाती, तब तक रकम पुलिस के पास ही रहेगी.

Advertisement

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति या संस्था के साथ इस तरह की रकम खोने की घटना हुई है, तो वह उचित दस्तावेजों के साथ कोतवाली में संपर्क कर सकता है. जांच पूरी होने के बाद ही नियमानुसार यह रकम असली मालिक को सौंपी जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement