कानपुर: नाबालिग छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान, मनचले की छेड़छाड़ से थी परेशान

कानपुर देहात के बरौर थाना क्षेत्र के अंडवा गांव में एक नाबालिग छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी. परिजनों ने आरोप लगाया है कि गांव का एक युवक कई महीनों से छेड़खानी कर रहा था और स्कूल जाते समय उसे परेशान करता था. पोस्टमार्टम के बाद परिवार ने विरोध जताया. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

Advertisement
नाबालिग छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान (Photo: itg) नाबालिग छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान (Photo: itg)

तनुज अवस्थी

  • कानपुर,
  • 03 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 1:58 PM IST

उत्तर प्रदेश में कानपुर देहात के बरौर थाना क्षेत्र स्थित अंडवा गांव में एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया. परिजनों का आरोप है कि गांव का एक युवक कई महीनों से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था, जिससे आहत होकर उसने फांसी लगा ली.

परिवार के मुताबिक, किशोरी जब कोचिंग या स्कूल जाती थी तो आरोपी युवक रास्ते में उसका पीछा करता और छेड़खानी करता था. मृतका के भाई ने बताया कि युवक का नाम अमन पाल है और वह अक्सर बाइक से आकर उनकी बहन की साइकिल के सामने खड़ा हो जाता था. एक बार वह उसे जबरन कहीं ले गया था. भाई का दावा है कि लगातार मानसिक दबाव और बदनामी के डर से उसकी बहन ने यह कदम उठाया.

Advertisement

घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया. पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर पहुंचा तो परिजन और ग्रामीण विरोध में उतर आए. उनका कहना था कि पुलिस ने पहले गंभीरता नहीं दिखाई. मामला बढ़ने पर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया.

अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पांडेय ने बताया कि लड़की ने घर पर आत्महत्या का प्रयास किया था. पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया. बाद में मिली शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. 

 

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement