संभल: सरकारी जमीन पर मस्जिद, मदरसा, मकान-दुकानें मिलीं, पैमाइश के बाद एक्शन की तैयारी में प्रशासन

यूपी के संभल में प्रशासन ने साढ़े तीन बीघा सरकारी जमीन की पैमाइश की. अधिकारियों का कहना है कि इस जमीन पर मस्जिद, मदरसा, मकान और दुकान बने हुए मिले. जांच में इन्हें अवैध कब्जा माना गया है. अब रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.

Advertisement
टीम ने साढ़े तीन बीघा सरकारी जमीन की पैमाइश की. (Photo: Representational) टीम ने साढ़े तीन बीघा सरकारी जमीन की पैमाइश की. (Photo: Representational)

अभिनव माथुर

  • संभल,
  • 29 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 11:49 AM IST

यूपी में संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के मुबारकपुर बंद गांव में प्रशासन ने सरकारी जमीन पर हुए अवैध कब्जे को लेकर बड़ी कार्रवाई शुरू की है. यहां करीब साढ़े तीन बीघा ग्राम समाज की जमीन की पैमाइश की गई, जिसमें कई तरह के निर्माण पाए गए.

प्रशासन को शिकायत मिली थी कि गांव में सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज जमीन पर लोगों ने कब्जा कर लिया है. इस जमीन को राजस्व रिकॉर्ड में खाद के गड्ढों और खेल के मैदान के रूप में दर्ज बताया गया है. शिकायत के बाद अधिकारियों ने मामले की जांच के लिए टीम गठित की.

Advertisement

शनिवार को राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची. टीम में पांच लेखपाल और एक कानूनगो शामिल थे. जैसे ही पैमाइश शुरू हुई, जमीन पर बने निर्माण सामने आए. यहां एक मस्जिद, उससे जुड़ा मदरसा, छह दुकानें, एक मकान और एक सरकारी स्कूल बना हुआ मिला.

पैमाइश के दौरान अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया और अवैध कब्जे की रिपोर्ट तैयार की. अधिकारियों का कहना है कि यह रिपोर्ट तहसीलदार को सौंपी जाएगी. इसके बाद संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए जाएंगे और मामले की सुनवाई तहसीलदार कोर्ट में होगी. सुनवाई के बाद उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 67 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: संभल में बड़ी कार्रवाई: 70 बीघा सरकारी जमीन पर चला प्रशासन का हंटर, फसल जोती, मकानों को नोटिस

Advertisement

इस पूरी कार्रवाई के दौरान एक खास बात यह भी देखने को मिली कि जैसे ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, मस्जिद कमेटी के लोगों ने खुद ही कुछ सामान हटाना शुरू कर दिया. उन्होंने मस्जिद के दरवाजे, खिड़कियां और अन्य जरूरी चीजें निकालनी शुरू कर दीं. 

मौके पर मौजूद कानूनगो चंद्रपाल सिंह ने बताया कि टीम ने गाटा संख्या 630 की पैमाइश की है. उन्होंने कहा कि यह जमीन सरकारी रिकॉर्ड में सार्वजनिक उपयोग के लिए दर्ज है, लेकिन मौके पर कई स्थायी निर्माण मिले हैं. उन्होंने यह भी बताया कि पूरी रिपोर्ट तैयार कर ली गई है और जल्द ही इसे तहसीलदार को भेजा जाएगा. प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद गांव में हलचल बढ़ गई है. प्रशासन का कहना है कि पूरी प्रक्रिया कानून के तहत और नियमों के अनुसार ही की जाएगी.

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement