बुलेट के बाद कार की मांग, घर में मिली विवाहिता की लाश... पति समेत ससुराल वाले फरार

सहारनपुर के देवबंद में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता वर्षा की मौत हो गई. उसका शव घर के अंदर पलंग पर मिला, जबकि पति समेत ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार हैं. मायके वालों ने पति और अन्य पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है.

Advertisement
सहारनपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत. (Photo: Rahul kumar/ITG) सहारनपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत. (Photo: Rahul kumar/ITG)

राहुल कुमार

  • सहारनपुर,
  • 23 जून 2026,
  • अपडेटेड 8:38 AM IST

सहारनपुर के देवबंद में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत का मामला सामने आया है. लखनौती गांव में सात साल पहले ब्याही गई वर्षा का शव सोमवार को घर के अंदर पलंग पर पड़ा मिला. घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक पति समेत ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो चुके थे. सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

Advertisement

मृतका मूल रूप से नागल थाना क्षेत्र के नंदनपुर गांव की रहने वाली थी. उसकी शादी करीब सात वर्ष पहले लखनौती निवासी कमल के साथ हुई थी. दंपति की कोई संतान नहीं थी, जिसे लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था. परिजनों के मुताबिक करीब दो माह पहले भी घरेलू कलह के चलते वर्षा मायके चली गई थी, लेकिन दोनों पक्षों के समझाने के बाद वह दोबारा ससुराल लौट आई थी.

परिजनों ने लगाया दहेज उत्पीड़न का भी आरोप
मृतका के भाई रविंद्र का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसकी बहन का शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा था. उनका कहना है कि रविवार को पूरे दिन घर में झगड़ा हुआ था और रात में वह समझाने के लिए भी गए थे. सोमवार को बहन की मौत की सूचना मिली तो मौके पर पहुंचने पर शरीर और गले पर चोट के निशान दिखाई दिए, जबकि घर के अंदर तोड़फोड़ भी मिली. उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या की गई है.

Advertisement

रविंद्र ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की है. परिजनों का आरोप है कि शादी में करीब 10 लाख रुपये खर्च किए गए थे और दहेज में बुलेट बाइक समेत अन्य सामान दिया गया था, इसके बावजूद ससुराल पक्ष कार की मांग कर रहा था. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शादी से पहले लड़के को ट्रैक्टर चालक बताया गया था, लेकिन बाद में उसके मजदूरी करने की जानकारी मिली. हालांकि, शादी की तैयारियां पूरी हो जाने के कारण विवाह करना पड़ा.

सीओ ने क्या कहा?
देवबंद क्षेत्राधिकारी (CO) शैलेंद्र प्रताप गौतम ने बताया कि 22 जून को ग्राम लखनौती में वर्षा की मौत की सूचना मिली थी. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. परिजनों से तहरीर प्राप्त कर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस फरार ससुराल पक्ष की तलाश में जुटी हुई है और विवाहिता की मौत के कारणों की गहन जांच कर रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »