UP के सहारनपुर में भीषण सड़क हादसा, हरिद्वार जा रहे पति-पत्नी समेत एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में हरियाणा से हरिद्वार जा रहे एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई. तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पीछे से ग्रैंड विटारा कार में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

Advertisement
तीन लोग घायल.(Photo: Rahul Kumar/ITG) तीन लोग घायल.(Photo: Rahul Kumar/ITG)

राहुल कुमार

  • सहारनपुर,
  • 26 जून 2026,
  • अपडेटेड 9:07 PM IST

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं. हरियाणा के बहादुरगढ़ से हरिद्वार स्नान और दर्शन के लिए निकला परिवार रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के गांव हलगोया के पास हादसे का शिकार हो गया.

बताया जा रहा है कि परिवार की ग्रैंड विटारा कार को पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया.

Advertisement

यह भी पढ़ें: सहारनपुर में 7 महीने की प्रेग्नेंट महिला की मौत, 2 साल के बेटे को छोड़ गई, पति पर लगे आरोप

इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई. मृतकों में 40 वर्षीय प्रवीन, उनकी 37 वर्षीय पत्नी प्रीति, बुजुर्ग मां सुदेश और परिवार के दूसरे भाई का नौ वर्षीय बेटा शिवांश शामिल हैं.

कार में सवार थे सात लोग, तीन घायल

हादसे के समय ग्रैंड विटारा कार में परिवार के सात सदस्य सवार थे. दुर्घटना में प्रीति (29), तीन वर्षीय मासूम छवि और सहदेव (45) समेत तीन लोग घायल हो गए.

सभी घायलों को जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के मुताबिक घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है. एहतियात के तौर पर एक बच्चे का सीटी स्कैन भी कराया गया है.

Advertisement

हादसे के बाद दूसरी कार में सवार परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए. अपनों को खोने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

DM और SSP पहुंचे अस्पताल

घटना की जानकारी मिलते ही डीएम अरविंद कुमार चौहान और एसएसपी अभिनंदन जिला अस्पताल पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.

जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने बताया कि बहादुरगढ़ से हरिद्वार जा रहे एक ही परिवार की कार को पीछे से स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी. कार में सात लोग सवार थे, जिनमें चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हैं. सभी घायलों का इलाज जारी है.

उन्होंने कहा कि घायलों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और इलाज की लगातार निगरानी की जा रही है.

पुलिस जांच में जुटी

हादसे के बाद पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है.

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और पीछे से हुई जोरदार टक्कर को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है. पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

Advertisement

पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने और तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »