यूपी के सहारनपुर में 17 साल की लड़की का शव छत पर बने कमरे में फंदे से लटका मिला है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जायजा लिया. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है. शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
जानकारी के अनुसार, यह मामला मंडी कोतवाली क्षेत्र स्थित पक्का बाग का है. यहां नाबालिग लड़की अपनी नानी के साथ रहती थी, जबकि उसकी मां अपने पति और दूसरी बेटी के साथ दिल्ली में रहती है. परिजनों का कहना है कि गुरुवार की रात लड़की अपनी नानी के पास आंगन में सो रही थी. देर रात बारिश के साथ तेज बिजली कड़कने लगी. इसके बाद वह छत पर बने कमरे में चली गई थी.
शुक्रवार की सुबह करीब सवा आठ बजे तक वह नीचे नहीं आई तो उसकी नानी उसे देखने के लिए छत पर पहुंचीं. कमरे का दरवाजा खोलते ही वह सन्न रह गईं. लड़की कमरे में लगे कुंडे से फंदे पर लटकी हुई मिली. नानी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई.
यह भी पढ़ें: लखनऊ: NGO में रहकर पढ़ाई कर रही 14 साल की लड़की ने कर ली खुदकुशी, कमरे में लटका मिला शव
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जायजा लिया. पुलिस ने शव को नीचे उतारा और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस का कहना है कि इस पूरे मामले की जांच की जा रही है. परिजनों से पूछताछ चल रही है. घटना के पीछे क्या वजह रही, इसका पता लगाया जा रहा है.
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने कहा कि थाना मंडी क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की की लाश मिली है. शुरुआती जांच में आत्महत्या का मामला लग रहा है. शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. आगे की जांच की जा रही है. अभी तक परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है. जैसे ही तहरीर मिलेगी, उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल इमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)
राहुल कुमार