रोहित शेट्टी केस: आगरा से लॉरेंस गैंग का शूटर गोलू पंडित गिरफ्तार, मुंबई ले गई पुलिस

मुंबई में रोहित शेट्टी के घर हुई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मुख्य आरोपी प्रदीप शर्मा को आगरा से गिरफ्तार किया गया. वह शुभम लोणकर गैंग से जुड़ा था और सोशल मीडिया से प्रभावित होकर अपराध में शामिल हुआ. पुलिस पहले ही कई आरोपियों को पकड़ चुकी है और पूरे गैंग नेटवर्क की जांच जारी है.

Advertisement
शुभम लोणकर गैंग के पोस्ट को देखकर प्रभावित हुआ था. (Photo: ITG) शुभम लोणकर गैंग के पोस्ट को देखकर प्रभावित हुआ था. (Photo: ITG)

अरविंद ओझा / संतोष शर्मा

  • लखनऊ, नई दिल्ली,
  • 21 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 8:30 PM IST

फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. इस सनसनीखेज वारदात में वांछित आरोपी प्रदीप शर्मा उर्फ गोलू पंडित को आगरा से गिरफ्तार कर लिया गया है. यह कार्रवाई यूपी एसटीएफ और मुंबई क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने की. आरोपी को पकड़ने के लिए लंबे समय से लगातार प्रयास किए जा रहे थे.

Advertisement

दरअसल, 1-2 फरवरी 2026 की रात मुंबई स्थित रोहित शेट्टी के आवास 'शेट्टी टॉवर' पर फायरिंग की घटना हुई थी. इस हमले के पीछे कुख्यात अपराधी शुभम लोणकर गैंग का हाथ बताया गया था. गैंग का मकसद फिल्म इंडस्ट्री और आम लोगों में दहशत फैलाना और रंगदारी वसूलना था. इस मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया था और आरोपियों की तलाश जारी थी.

गिरफ्तार आरोपी प्रदीप शर्मा, आगरा के महावीर नगर इलाके का रहने वाला है और उसकी उम्र करीब 23 साल बताई जा रही है. उसे 21 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3:50 बजे आगरा के बाह थाना क्षेत्र से दबोचा गया. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह इलाके में छिपा हुआ है, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया.

Advertisement

सोशल मीडिया से हुआ प्रभावित
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने सोशल मीडिया पर शुभम लोणकर गैंग के पोस्ट देखकर उनसे प्रभावित होकर इस गैंग से जुड़ने का फैसला किया था. उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले भी फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दिया है. पुलिस के मुताबिक, इससे पहले भी एक मामले में वह हथियार के साथ पकड़ा जा चुका है और जेल जा चुका है.

जांच में यह भी सामने आया है कि इस पूरे मामले में शामिल कई अन्य आरोपियों को पहले ही 15 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया जा चुका है. प्रदीप शर्मा गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था और छिपता फिर रहा था.

फिलहाल आरोपी को आगरा कोर्ट में पेश करने के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच को ट्रांजिट रिमांड पर सौंप दिया गया है. आगे की कानूनी कार्रवाई मुंबई पुलिस द्वारा की जाएगी. पुलिस का कहना है कि इस पूरे गैंग के नेटवर्क को खत्म करने के लिए जांच लगातार जारी है और जल्द ही और भी खुलासे हो सकते हैं.

मुंबई पुलिस ने एक बयान जारी कर कहा, रोहित शेट्टी फायरिंग मामले में 14वें आरोपी गोलू पंडित को मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने UP STF की मदद से UP में गिरफ्तार कर लिया गया है. उसे मुंबई लाया जा रहा है और कल कोर्ट में पेश किया जाएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement