प्रयागराज में एक अनोखी और चौंका देने वाली कहानी सामने आई है. यहां एक महिला ने अपने पति को सबक सिखाने के लिए ऐसा तरीका अपनाया, जिसने हैरान कर दिया. पत्नी ने फेक इंस्टाग्राम आईडी बनाकर पति को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी. पति ने रिक्वेस्ट एक्सेप्ट कर ली और फिर चैटिंग शुरू हो गई. ऑनलाइन दोस्ती हो गई तो एक दिन मिलने का प्लान बना. फिर जब दोनों मिलने पहुंचे और आमना-सामना हुआ तो बवाल मच गया. मामला पुलिस तक पहुंच गया.
एजेंसी के मुताबिक, सोनी नाम की महिला बीते चार साल से अपने मायके में रह रही थी. आरोप है कि महिला को उसके पति प्रभुदत्त ने घर से निकाल दिया था, जिसके बाद दोनों के बीच रिश्ते बिगड़ गए. महिला अपने मायके में रहने लगी.
इसी बीच सोनी ने एक प्लानिंग की. उसने इंस्टाग्राम पर एक फर्जी आईडी बनाई और उसी से अपने पति को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी. महिला का पति प्रभुदत्त प्रतापगढ़ जिले का रहने वाला है. प्रभुदत्त इससे पूरी तरह अनजान था कि जिस प्रोफाइल से वह चैटिंग कर रहा है, वह उसकी पत्नी ही है.
यह भी पढ़ें: इंस्टाग्राम पर दोस्ती और हनीट्रैप: महिला ने नाबालिग लड़के को बुलाकर किया किडनैप, मांगी 1 करोड़ की फिरौती
धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और फिर यह सिलसिला चैटिंग में बदल गया. बातचीत के दौरान प्रभुदत्त ने उस फर्जी प्रोफाइल वाली 'महिला' से शादी तक की बात कर ली.
काफी दिनों तक चैटिंग के बाद मिलने की बात तय हुई. प्रभुदत्त ने कई बार होटल में मिलने का प्रस्ताव रखा, लेकिन सोनी ने उसे टाल दिया. उसने पब्लिक प्लेस पर मिलने की बात कही. आखिरकार 2 मई को मिलने के लिए नागवासुकी मंदिर को चुना गया.
प्रभुदत्त अपने एक दोस्त के साथ मंदिर पहुंचा. वहां सोनी पहले से मौजूद थी, लेकिन उसने अपना चेहरा दुपट्टे और चश्मे से ढक रखा था. उसकी फैमिली के लोग भी कुछ दूरी पर मौजूद थे.
पत्नी को पहचान ही नहीं पाया पति
प्रभुदत्त अपनी पत्नी को पहचान नहीं पाया और सामान्य तरीके से बातचीत करने लगा. लेकिन जैसे ही सोनी ने अपना चेहरा दिखाया, हालात एकदम बदल गए. पुलिस के मुताबिक, इसके बाद प्रभुदत्त ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी. मामला बिगड़ता देख महिला के परिवार वाले मौके पर पहुंच गए. उन्होंने प्रभुदत्त को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी. कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया.
दरागंज थाना पुलिस ने इस मामले में प्रभुदत्त के खिलाफ केस दर्ज किया है. इनमें मारपीट, आपराधिक धमकी और शांति भंग करने के इरादे से अपमान करने जैसे आरोप हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं.
aajtak.in