प्रेमिका को पाने के लिए ममेरे भाई का कत्ल, शव जलाया फिर उसी के फोन से मांगी 50 लाख की फिरौती

प्रयागराज में 20 वर्षीय युवक सुमित कुमार उर्फ साहिल के मर्डर का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक, उसके ममेरे भाई और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शिवम राय ने प्रेमिका को पाने के लिए उसकी हत्या कर दी. पहचान मिटाने के लिए शव को जला दिया और फिर उसी के मोबाइल से इंस्टाग्राम मैसेज भेजकर परिवार से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी.

Advertisement
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर गिरफ्तार.(Photo: Pankaj Srivastava /ITG) सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर गिरफ्तार.(Photo: Pankaj Srivastava /ITG)

पंकज श्रीवास्तव

  • प्रयागराज,
  • 31 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 10:50 PM IST

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 20 वर्षीय युवक सुमित कुमार उर्फ साहिल की हत्या की ऐसी कहानी सामने आई है, जिसने रिश्तों और भरोसे दोनों को झकझोर दिया. पुलिस के मुताबिक, सुमित की हत्या उसके ही ममेरे भाई और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर 21 वर्षीय शिवम राय ने की. पुलिस का दावा है कि शिवम सुमित की गर्लफ्रेंड को हासिल करना चाहता था और इसी वजह से उसने हत्या की साजिश रची.

Advertisement

पुलिस कमिश्नरेट गंगानगर जोन की सोरांव थाना पुलिस, SOG और सर्विलांस सेल ने 23 जुलाई से लापता सुमित हत्याकांड का खुलासा किया है. पुलिस ने आरोपी शिवम राय को गिरफ्तार कर लिया है. उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल हथौड़ा और सुमित के दो सिम कार्ड बरामद किए गए हैं. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में शिवम ने अपना जुर्म कबूल किया है.

यह भी पढ़ें: प्रयागराज छात्र प्रदर्शन उपद्रव मामला: पुलिस ने 10 आरोपियों को किया गिरफ्तार, सपा पर भी उठे सवाल

आरोपी की निशानदेही पर सुमित कुमार उर्फ साहिल का अधजला शव 30 जुलाई को फाफामऊ थाना क्षेत्र के रंगपुरा कछार से बरामद किया गया. पुलिस के मुताबिक, पहचान छिपाने के लिए शव को पेट्रोल डालकर जलाया गया था. मामले के खुलासे के बाद आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है.

Advertisement

23 जुलाई को घर से निकला, फिर नहीं लौटा

डीसीपी गंगानगर जोन कुलदीप सिंह गुनावत के मुताबिक, 20 वर्षीय सुमित कुमार उर्फ साहिल 23 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे बाल कटवाने के लिए घर से निकला था. इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा. काफी तलाश के बाद भी जब सुमित का पता नहीं चला तो 25 जुलाई को उसके पिता शिव प्रसाद ने सोरांव थाने में तहरीर दी.

पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुमशुदगी दर्ज की और स्थानीय थाना पुलिस की टीम गठित कर दी. इसके बाद पुलिस ने CCTV कैमरों और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से सुमित की तलाश शुरू की. इसी दौरान पुलिस को फाफामऊ थाना क्षेत्र के रंगपुरा कछार में एक युवक का अधजला शव मिलने की जानकारी मिली.

मृतक के पिता शिव प्रसाद ने शव की पहचान की. पुलिस के मुताबिक, मृतक के हाथ में पड़ी राड और उसके कपड़ों आदि के आधार पर शिव प्रसाद ने शव को अपने बेटे सुमित कुमार उर्फ साहिल के रूप में पहचाना. इसके बाद पुलिस ने हत्या की दिशा में जांच तेज की और आरोपी शिवम राय की तलाश शुरू कर दी.

गर्लफ्रेंड को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान सुमित के ममेरे भाई शिवम राय पर शक गहराया. सोरांव थाना पुलिस, SOG और सर्विलांस सेल की टीम ने उसकी तलाश शुरू की. पुलिस टीम ने आरोपी शिवम राय को नवाबगंज थाना क्षेत्र के दुबरा जगदीशपुर से गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement

पूछताछ में पुलिस के अनुसार, शिवम ने बताया कि सुमित उसके मामा का बेटा था. वह एक लड़की से प्यार करता था. शिवम ने पुलिस को बताया कि वह उस लड़की का कई बार मोबाइल रिचार्ज करा चुका था और दोनों के बीच बातचीत भी शुरू हो गई थी. हालांकि, कुछ दिन पहले लड़की ने शिवम का नंबर ब्लॉक कर दिया था.

पुलिस के मुताबिक, इसी बात को लेकर शिवम और सुमित के बीच विवाद हुआ था. शिवम को शक था कि सुमित की वजह से वह लड़की उससे दूर हो गई है. इसके बाद उसने सुमित की गर्लफ्रेंड को हासिल करने के लिए उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई.

कछार में ले जाकर हत्या, फिर शव को जलाया

पुलिस के मुताबिक, आरोपी शिवम राय सुमित को फाफामऊ कछार ले गया. वहां उसने हथौड़े से उसकी हत्या कर दी. इसके बाद पहचान छिपाने के लिए सुमित के शव पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी. पुलिस की जांच और आरोपी की निशानदेही के बाद इसी इलाके से सुमित का अधजला शव बरामद किया गया.

हत्या के बाद भी आरोपी यहीं नहीं रुका. पुलिस के मुताबिक, शिवम ने सुमित के मोबाइल नंबर से उसके सिम का इस्तेमाल किया और परिवार को इंस्टाग्राम मैसेज भेजे. इन मैसेज के जरिए उसने ऐसा दिखाने की कोशिश की कि सुमित अभी जिंदा है.

Advertisement

इसके बाद आरोपी ने सुमित के परिवार से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी. पुलिस के मुताबिक, परिवार ने दो बार में 5000 और 2000 रुपये दिए. यानी कुल 7000 रुपये परिवार की ओर से आरोपी को दिए गए. पुलिस का कहना है कि आरोपी का मकसद परिवार को सुमित के जिंदा होने का भरोसा दिलाकर फिरौती वसूलना था.

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निकला आरोपी, पुलिस ने भेजा जेल

पुलिस के मुताबिक, सुमित हत्याकांड का आरोपी शिवम राय 21 साल का है और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर है. रिश्ते में वह सुमित का ममेरा भाई है. पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथौड़ा और मृतक के दो सिम कार्ड बरामद किए हैं.

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में शिवम ने हत्या की बात कबूल की है. उसके बयान के आधार पर पुलिस ने रंगपुरा कछार से अधजला शव बरामद किया. पुलिस ने मामले में हत्या और इसके बाद पहचान छिपाने की कोशिश के पहलुओं की जांच शुरू कर दी है.

फिलहाल, आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है. 23 जुलाई को बाल कटवाने के लिए घर से निकले सुमित की तलाश गुमशुदगी से शुरू हुई थी, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर मामला हत्या और फिरौती की साजिश तक पहुंच गया. पुलिस के मुताबिक, प्रेमिका को हासिल करने की चाहत में आरोपी ने पहले रिश्ते का कत्ल किया और फिर उसी के फोन से परिवार को गुमराह करने की कोशिश की.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »