प्रयागराज अपहरण कांड: LKG छात्र के बरामद होने पर अखिलेश ने की पुलिस की तारीफ, सरकार पर कसा तंज

प्रयागराज के मांडा में अपहृत 5 साल के मासूम को पुलिस ने 2 दिन में सकुशल बरामद कर लिया. इस सफलता पर अखिलेश यादव ने पुलिस की मुस्तैदी की तारीफ की, लेकिन भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार पुलिस को भ्रष्टाचार के लिए बाध्य करती है.

Advertisement
प्रयागराज से अगवा बच्चा सकुशल बरामद (Photo- Screengrab) प्रयागराज से अगवा बच्चा सकुशल बरामद (Photo- Screengrab)

aajtak.in

  • प्रयागराज ,
  • 09 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 12:00 PM IST

प्रयागराज में अगवा हुए मासूम की सकुशल बरामदगी के बाद सियासत गरमा गई है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पुलिस की मुस्तैदी को तो सराहा, लेकिन साथ ही भाजपा सरकार पर पुलिस को भ्रष्टाचार के लिए बाध्य करने का गंभीर आरोप लगाकर नया विवाद छेड़ दिया है. 

5 साल के मासूम का हुआ सफल रेस्क्यू

प्रयागराज पुलिस ने शनिवार को अगवा हुए पांच साल के बच्चे को दो दिनों के भीतर सकुशल बरामद कर लिया. यमुनानगर जोन के मांडा थाना क्षेत्र के सरायकला गांव में कार सवार बदमाशों ने एलकेजी के छात्र का उसके दादा के सामने अपहरण किया था. पुलिस कमिश्नर जोगिंदर कुमार के नेतृत्व में गठित टीमों और सर्विलेंस की मदद से इस गुत्थी को सुलझाया गया. इस त्वरित कार्रवाई ने डरे हुए परिजनों को बड़ी राहत दी है.

Advertisement

दादा के सामने से हुआ था अपहरण

घटना उस वक्त हुई जब बच्चा स्कूल वैन से उतरकर अपने दादा के साथ घर जा रहा था. तभी कार सवार दो अज्ञात बदमाशों ने झपट्टा मारकर बच्चे को अगवा कर लिया और फरार हो गए. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था. 

परिजनों ने किसी भी पुरानी रंजिश से इनकार किया था, जिसके बाद पुलिस की चुनौती और बढ़ गई थी. डीसीपी विवेक चंद्र यादव और एडिशनल कमिश्नर ने मौके पर पहुंचकर खुद कमान संभाली. 

अखिलेश यादव ने की पुलिस की प्रशंसा

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने 'X' पर इस सफलता के लिए पुलिस कर्मियों की पीठ थपथपाई. उन्होंने लिखा कि मासूम के घर लौटने की खुशी हम सभी को है और कर्तव्य निभाने वाले पुलिसकर्मी प्रशंसा के पात्र हैं. अखिलेश ने पुलिस की कार्यक्षमता पर भरोसा जताते हुए कहा कि अगर पुलिस को सही ढंग से काम करने दिया जाए, तो वे पूरी ईमानदारी से अपना फर्ज निभाने के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं.

Advertisement

सरकार पर साधा निशाना

तारीफ के साथ ही अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा तंज भी कसा. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पुलिस को भ्रष्टाचार के लिए बाध्य करती है. सपा प्रमुख के अनुसार, यदि पुलिस को राजनीतिक दबाव और भ्रष्टाचार से मुक्त रखा जाए और वह पहले से सक्रिय रहे, तो अपराध घटित ही नहीं होंगे. उनके इस बयान ने अब सोशल मीडिया पर एक नई राजनीतिक बहस छेड़ दी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement