सिरिंज में पेट्रोल भरकर ताले पर छिड़का, फिर लगाई आग... लखनऊ के जैन मंदिर में 15 लाख की चोरी, यूट्यूब से सीखा था तरीका!

लखनऊ के बाजारखाला थाना क्षेत्र स्थित जैन मंदिर में 15 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने आरोपी पूर्व गार्ड संजय शुक्ला को गिरफ्तार कर भगवान अनंतनाथ की अष्टधातु मूर्ति और चांदी के छत्र-सिंहासन सहित सारा सामान बरामद कर लिया. आरोपी ने यूट्यूब से ताला तोड़ने का तरीका सीखा था.

Advertisement
लखनऊ पुलिस की गिरफ्त में आरोपी गार्ड संजय (Photo- ITG) लखनऊ पुलिस की गिरफ्त में आरोपी गार्ड संजय (Photo- ITG)

अंकित मिश्रा

  • लखनऊ ,
  • 25 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 9:53 AM IST

लखनऊ के बाजारखाला थाना क्षेत्र में स्थित एक जैन मंदिर में हुई करीब 15 लाख रुपये की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भगवान अनंतनाथ की अष्टधातु की मूर्ति, चांदी का सिंहासन, छत्र और पंचमेरू समेत चोरी का सारा माल बरामद कर लिया है. पकड़े गए शातिर की पहचान सीतापुर के महौली निवासी संजय शुक्ला पुत्र लल्लूराम शुक्ला के रूप में हुई है.

Advertisement

बाजारखाला इंस्पेक्टर ब्रजेश सिंह के मुताबिक, ऐशबाग के मिल रोड स्थित आटा मिल परिसर में बने जैन मंदिर में 20-21 अगस्त की दरमियानी रात चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस व की मदद से आरोपी की सटीक लोकेशन ट्रेस कर उसे धर दबोचा.

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी संजय शुक्ला करीब 6 महीने पहले गुलजार नगर स्थित इसी आटा मिल में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था. उस दौरान वह मंदिर की सुरक्षा और देखरेख भी संभालता था. इसी बीच उसे मंदिर में मौजूद कीमती अष्टधातु की मूर्ति, चांदी के छत्र, सिंहासन और चढ़ावे की पूरी जानकारी हो गई थी. गलत हरकतों की वजह से मिल प्रबंधन ने उसे नौकरी से निकाल दिया था, जिसके बाद उसने मंदिर को लूटने का प्लान तैयार किया. 

Advertisement

नौकरी छूटने के बाद आरोपी शालीमार में गार्ड की नौकरी करने लगा और चोरी की प्लानिंग में जुट गया. उसने यूट्यूब पर वीडियो देखकर ताला तोड़ने के तरीके सीखे. 20-21 अगस्त की रात वह पेट्रोल, सिरिंज और प्लास लेकर मंदिर पहुंचा. वारदात के वक्त उसने सिरिंज से ताले के अंदर पेट्रोल भरा और माचिस जलाकर आग लगा दी ताकि ताला ढीला पड़ जाए. जब ताला नहीं खुला तो उसने प्लास से उसे तोड़ दिया और मंदिर में रखे बेशकीमती सामान समेटकर फरार हो गया. 

लखनऊ पुलिस के मुताबिक, पकड़ा गया आरोपी संजय शुक्ला आदतन अपराधी है. वह पहले भी कई मंदिरों और अन्य स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है. उसके खिलाफ पूर्व में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है. पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक संपर्कों की पड़ताल कर रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »