नोएडा के सेक्टर-24 थाना क्षेत्र के चौड़ा गांव में प्रेमी जोड़े के तीसरी मंजिल से कूदने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार यह मामला आत्महत्या से जुड़ा नहीं, बल्कि मारपीट और कैद किए जाने के बाद हुई घटना है. घटना कुछ दिन पहले उस समय सामने आई थी, जब एक युवक और युवती तीसरी मंजिल से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
इस घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि युवती को गंभीर हालत में दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसका इलाज जारी है. मामले की जांच में पता चला कि मृतक युवक अपनी एक महिला मित्र के साथ अपनी एक्स गर्लफ्रेंड के घर चौड़ा गांव पहुंचा था. युवक और उसकी महिला मित्र वहां एक्स गर्लफ्रेंड और उसके पति से माफी मांगने गए थे. इसी दौरान स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई.
यह भी पढ़ें: प्रेमिका के लिए उजाड़ दिया घर: पति निकला पत्नी-बच्चों का कातिल! भीड़ जुटाकर किया था फर्जी का रोना धोना
आरोप है कि एक्स गर्लफ्रेंड के पति हितेश राणा ने गुस्से में अपनी पत्नी चंचल के साथ मिलकर युवक और युवती को घर के अंदर कैद कर हॉकी से दोनों को पीटा. मारपीट के बाद दोनों को घर की तीसरी मंजिल पर कमरे में बंद कर दिया गया.
जांच में यह भी सामने आया कि इस दौरान दोनों पीड़ित बेहद घबरा गए और उन्होंने खुद को बचाने की कोशिश की. इसी दौरान देर रात करीब 3 बजे दोनों ने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी. नीचे गिरने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई.
पुलिस ने एक्स और उसके पति को किया अरेस्ट
घटना के बाद थाना सेक्टर-24 पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की. तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मृतक युवक की एक्स गर्लफ्रेंड और उसके पति हितेश राणा को गिरफ्तार कर लिया. दोनों आरोपियों को सेक्टर-22 के जी ब्लॉक इलाके से पकड़ा गया.
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि युवक उनकी पत्नी के संपर्क में था, जिससे वे नाराज थे. इसी नाराजगी में उन्होंने गुस्से में आकर दोनों के साथ मारपीट की. हालांकि, उन्होंने यह दावा किया कि दोनों खुद छत से कूदे, जिससे यह हादसा हुआ. पुलिस ने घटनास्थल से एक हॉकी स्टिक भी बरामद की है, जिसे मारपीट में इस्तेमाल किया गया था. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
भूपेन्द्र चौधरी