नोएडा डीएम ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिलते ही मचा हड़कंप

नोएडा के डीएम कार्यालय को सोमवार को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद पुलिस, बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वाड, डॉग स्क्वाड और फायर ब्रिगेड ने पूरे परिसर की गहन जांच की. पुलिस के मुताबिक अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है. धमकी भरे ई-मेल की साइबर टीम तकनीकी जांच कर रही है. प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.

Advertisement
ईमेल से धमकी आने के बाद नोएडा डीएम ऑफिस में जांच की गई (Photo ITG) ईमेल से धमकी आने के बाद नोएडा डीएम ऑफिस में जांच की गई (Photo ITG)

भूपेन्द्र चौधरी

  • नोएडा,
  • 13 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 12:48 PM IST

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर स्थित जिला अधिकारी (DM) कार्यालय को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. डीएम कार्यालय को ई-मेल के जरिए बम होने की सूचना भेजी गई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल सुरक्षा एजेंसियों को सक्रिय करते हुए पूरे परिसर की सघन तलाशी शुरू कर दी.

पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को डीएम कार्यालय में ई-मेल के माध्यम से बम की धमकी मिलने की सूचना प्राप्त हुई. सूचना मिलते ही थाना सूरजपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वाड (BDS), फायर ब्रिगेड, एंटी-सबोटाज (A.S.) चेक टीम और डॉग स्क्वाड को बुलाकर पूरे परिसर की गहन जांच कराई गई. प्रारंभिक जांच में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है. पुलिस का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है और डीएम कार्यालय परिसर में शांति व्यवस्था कायम है.

Advertisement

साइबर टीम कर रही ई-मेल की जांच

पुलिस ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल को गंभीरता से लिया गया है. ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए साइबर टीम तकनीकी जांच में जुटी हुई है. ई-मेल की उत्पत्ति, आईपी एड्रेस और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमकी किसने और कहां से भेजी. अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आवश्यकतानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

सुरक्षा एजेंसियां रहीं अलर्ट

बम की सूचना मिलते ही डीएम कार्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई. पुलिस ने पूरे परिसर की कई चरणों में जांच कराई. बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वाड और डॉग स्क्वाड ने कार्यालय के भीतर और आसपास के क्षेत्रों की तलाशी ली, जबकि फायर ब्रिगेड की टीम भी एहतियात के तौर पर मौके पर मौजूद रही. जांच पूरी होने तक सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क रहीं.

Advertisement

पुलिस की अपील- अफवाहों पर ध्यान न दें

गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस मामले को लेकर किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें. पुलिस ने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी प्रकार की घबराने वाली बात नहीं है. पुलिस ने यह भी कहा कि धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच जारी है और दोषी की पहचान होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल डीएम कार्यालय में सामान्य कामकाज जारी है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »