'मुस्कान-साहिल को फांसी के फंदे पर लटकाया जाए', Blue Drum Murder Case में फैसले से ठीक पहले सौरभ की मां का बयान

Meerut Saurabh Murder Case: मेरठ के चर्चित 'नीला ड्रम हत्याकांड' में आज अदालत द्वारा सजा का ऐलान किया जाना है. करीब डेढ़ साल से न्याय की लंबी लड़ाई लड़ रहे मृतक सौरभ राजपूत के परिवार की निगाहें अदालत पर टिकी हैं, जहां मां और बड़े भाई ने दोषियों के लिए मृत्युदंड की मांग की है.

Advertisement
कैमरे के सामने छलका सौरभ की मां का दर्द (Photo- ITG) कैमरे के सामने छलका सौरभ की मां का दर्द (Photo- ITG)

हिमांशु मिश्रा

  • मेरठ ,
  • 14 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 3:25 PM IST

उत्तर प्रदेश के मेरठ में बहुचर्चित नीला ड्रम हत्याकांड के मामले में 14 अक्टूबर 2026 को अदालत सजा का फैसला सुनाने जा रही है. मार्च 2025 में मर्चेंट नेवी के पूर्व कर्मी सौरभ राजपूत की उनकी पत्नी मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला ने हत्या कर दी थी, जिसके बाद शव के टुकड़े कर नीले ड्रम में सीमेंट से बंद कर दिए गए थे. मामले में मेरठ की जिला अदालत ने 30 सितंबर 2026 को दोनों आरोपियों को दोषी करार दिया था, और आज सजा पर अंतिम फैसला आना है.

Advertisement

डेढ़ साल की लंबी कानूनी लड़ाई

सौरभ के बड़े भाई ने बताया कि परिवार ने कभी कोर्ट-कचहरी के चक्कर नहीं काटे थे, लेकिन भाई की हत्या के बाद उन्होंने डेढ़ साल तक हर संभव कानूनी लड़ाई लड़ी है. इस मुश्किल समय में बचपन के दोस्त अंकित धानक और उनके वकील विजय बहादुर ने उनका साथ दिया. परिवार का कहना है कि गवाहों ने अदालत में आरोपियों के खिलाफ मजबूत गवाही दी है, जिससे उन्हें पूरी उम्मीद है कि अदालत आरोपियों को उनके किए की कड़ी सजा देगी.

कोर्ट में नहीं दिखा कोई पछतावा

परिवार के सदस्यों ने बताया कि अदालत में सुनवाई के दौरान जब उनकी आरोपियों से आमने-सामने मुलाकात हुई, तो उनके चेहरे पर किसी भी प्रकार का पछतावा नजर नहीं आया. आरोपी लगातार नजरें चुराते दिखाई दिए. सौरभ की मां ने नम आंखों से कहा कि उन्हें आज भी यकीन नहीं होता कि उनके बेटे के साथ ऐसी दर्दनाक वारदात को कैसे अंजाम दिया गया. मां ने मांग की है कि दोषियों को फांसी के फंदे पर लटकाया जाना चाहिए.

Advertisement

सौरभ की मां ने 'आजतक' को बताया कि बेटे की हत्या के बाद मेरे परिवार ने न्याय पाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किया. प्रशासन और उन सभी लोगों का आभार, जिन्होंने मामले में हमारा साथ दिया. जिन गवाहों ने अदालत में हमारे पक्ष में बयान दिए उनका भी धन्यवाद. पूरी उम्मीद है कि इन गवाहियों और दूसरे सबूतों के आधार पर हमें न्याय मिलेगा.

पोती की कस्टडी पर भी रखी बात

बातचीत के दौरान सौरभ की बेटी की कस्टडी का मुद्दा भी सामने आया. सौरभ की मां ने इच्छा जताई कि अगर बच्ची के नाना-नानी राजी होते हैं, तो वे अपनी पोती को अपने पास रखने और पालने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. उन्होंने बताया कि हत्या से पहले वह बच्ची अक्सर उनके घर आती थी और उनके साथ समय बिताती थी, लेकिन घटना के बाद से उन्हें मिलने नहीं दिया जा रहा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »