गाजियाबाद के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के कैला भट्टा इलाके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें कुर्ता-पजामा पहने एक युवक मीट होटल संचालक को मंगलवार के दिन दुकान बंद करने की धमकी देता नजर आ रहा है.
करीब एक मिनट 29 सेकेंड के इस वीडियो में सत्यम पंडित नाम का ये युवक एक मुस्लिम होटल पर पहुंचता है और वहां मौजूद बुजुर्ग व्यक्ति, जो संभवतः होटल का संचालक है, से कहता है कि “मुल्ला जी, मंगलवार में मीट की दुकान खुल रही है, परमिशन है मंगलवार की?”
इसके बाद वह सामने मंदिर होने का हवाला देते हुए दुकान बंद करने के लिए दबाव बनाता दिखाई देता है. वीडियो में युवक यह चेतावनी देता भी सुनाई दे रहा है कि अगर मंगलवार के दिन दुकान खुली दिखी तो वह “एक मिनट में आग लगा देगा.”
आपको बता दें कि यह वीडियो खुद सत्यम पंडित द्वारा अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट किया गया है. पोस्ट में उसने लिखा है कि मंगलवार के दिन गाजियाबाद में किसी भी मुस्लिम को मीट नहीं बेचने दिया जाएगा और कैला भट्टा क्षेत्र में जाकर मीट की दुकानें बंद कराई गईं. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.
इस संबंध में गाजियाबाद पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता, स्थान और समय की पुष्टि की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का यह भी कहना है कि फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है.
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में भी सत्यम पंडित का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उसने कथित रूप से रोहिंग्या और बांग्लादेशी समुदाय को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया था. जिसमें कहां था कि 'मैं बता देना चाहता हूं कि संपूर्ण भारत में रहने वाले रोहिंग्या और बांग्लादेशी समय रहते अगले 24 से 72 घंटे में हमारे देश को छोड़ दें, अन्यथा राष्ट्रीय हिंदू वीर सेना का एक-एक कार्यकर्ता अपने हाथ में लठ ले चुक है. मैं शासन-प्रशासन से प्रार्थना करता हूं कि आप इन लोगों से गुजारिश करें. अगर इन पर काननी कार्रवाई करनी पड़े तो वो भी करें. हमारे देश से इनको भगाया जाए. अन्यथा राष्ट्रीय हिंदू वीर सेना प्रत्येक ऐसे व्यक्ति की दाढी काटकर एक-एक बाल को उखाडकर बांग्लादेश में गाड़ देगा.'
उस मामले में गाजियाबाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज किया था और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था. वर्तमान मामले में भी पुलिस तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की बात कह रही है.
मयंक गौड़