Uttar Pradesh News: मुरादाबाद जिले के कुंदरकी थाना क्षेत्र में एक युवक ने मानसिक रूप से परेशान होकर अपने घर के बंद कमरे में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. युवक पांच दिन पहले ही पंजाब से काम करके घर लौटा था और उसने रविवार को इस आत्मघाती कदम को अंजाम दिया. उसने अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक से सिर में गोली मारी और मरने से पहले अपने मोबाइल फोन पर 7 मिनट 41 सेकंड का एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया. इस पूरी घटना के समय कमरे में उसकी 5 साल की भतीजी मौजूद थी. सूचना मिलने पर कुंदरकी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की.
कैमरे के सामने पढ़ा कलमा और दबाया ट्रिगर
सामने आए वीडियो के शुरुआती 40 सेकंड में युवक रोते हुए कह रहा है कि वह सबूत छोड़कर जा रहा है क्योंकि उसे बहुत परेशान किया जा रहा है. उसने वीडियो में कहा कि उसके घरवालों को तंग न किया जाए, लेकिन जिसने उसका दिल दुखाया है, उससे हश्र में मुलाकात होगी. इसके बाद युवक ने कलमा पढ़ा और कैमरे के सामने ही ट्रिगर दबा दिया.
खिड़की तोड़कर कमरे में घुसे परिजन
गोली चलने की आवाज और मासूम बच्ची की चीख सुनकर घर में सो रहे परिजनों की नींद खुली और अफरा-तफरी मच गई. कमरे की कुंडी अंदर से बंद होने के कारण घरवालों ने खिड़की तोड़ी और भीतर दाखिल हुए, जहां युवक खून से लथपथ पड़ा था. मृतक की मां ने बताया कि उन्हें सिर्फ गोली चलने की आवाज सुनाई दी थी, जिससे इस हादसे का पता चला.
प्रेम प्रसंग की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने देर रात तक मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की. पुलिस ने घटनास्थल से युवक का मोबाइल फोन और पिता की लाइसेंसी बंदूक को अपने कब्जे में ले लिया है. प्राथमिक जानकारी के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस अब सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से तफ्तीश कर रही है.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल इमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)
जगत गौतम