चलती बाइक में जेब के अंदर फटी मोबाइल की बैटरी, एक धमाके ने उजाड़ दिया परिवार; 2 मासूम बच्चों ने खोया पिता

मुजफ्फरनगर में चलती बाइक पर बैठे युवक की जेब में रखे मोबाइल फोन की बैटरी फटने से 40 वर्षीय विकास की मौत हो गई. विकास खाईखेड़ी की उत्तम शुगर मिल में काम करते थे. उनके पीछे बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और छह साल की बेटी व तीन साल का बेटा रह गए हैं. 

Advertisement
जेब में रखे मोबाइल की बैटरी फटने से युवक की मौत हो गई (Photo ITG) जेब में रखे मोबाइल की बैटरी फटने से युवक की मौत हो गई (Photo ITG)

संदीप सैनी

  • मुजफ्फरनगर ,
  • 21 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 9:33 AM IST

मोबाइल फोन की बैटरी के अचानक फटा जाने से ऐसा धमाका हुआ कि हंसते-खेलते परिवार की खुशियां ही छीन गईं. जिस पिता के सहारे छह साल की बेटी दृष्टि और तीन साल का बेटा अपना बचपन जी रहे थे, अब वे उनके बिना जिंदगी बिताने को मजबूर हैं. उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में बाइक से घर लौट रहे 40 वर्षीय विकास अंतल की हादसे में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि चलती बाइक पर उनके मोबाइल की बैटरी फट गई, जिसके बाद वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है.

Advertisement

मां को ननिहाल छोड़कर लौट रहे थे विकास

घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के वहलना चौक के पास की है. रहमतपुर गांव निवासी विकास अंतल देर शाम अपनी मां को माजरा गांव स्थित ननिहाल छोड़कर बाइक से वापस घर लौट रहे थे. रास्ते में सब कुछ सामान्य था, लेकिन अचानक हुए एक धमाके ने उनकी जिंदगी बदल दी. बताया जा रहा है कि चलती बाइक पर विकास के मोबाइल फोन में जोरदार धमाका हुआ. इसके बाद वह बाइक से सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने घायल विकास को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया. सूचना मिलने पर उनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए. बेहतर इलाज की उम्मीद में परिवार उन्हें एक नर्सिंग होम लेकर गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. जिस परिवार को विकास के घर लौटने का इंतजार था, वहां उनकी मौत की खबर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई.

Advertisement

छह साल की बेटी और तीन साल के बेटे से छिन गया पिता का साया

विकास की मौत ने उनके परिवार को गहरा सदमा दिया है. उनके पीछे बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी, छह साल की बेटी और तीन साल का बेटा रह गए हैं. जिस उम्र में बच्चों को अपने पिता की उंगली पकड़कर चलना सीखना होता है, उस उम्र में उनके सिर से पिता का साया उठ गया. वह खाईखेड़ी स्थित उत्तम शुगर मिल में टोकन मैन के पद पर कार्यरत थे. विकास की मौत की खबर मिलने के बाद से उनके माता-पिता और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है. मंगलवार को जब उनका शव गांव पहुंचा तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. गांव के लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंचे, लेकिन अपनों को खोने का दर्द शब्दों में बयां करना आसान नहीं था.

पड़ोसी ने बताया, कैसे हुआ हादसा

विकास के पड़ोसी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि विकास अपनी मां को माजरा गांव में अपने मामा के यहां छोड़कर लौट रहे थे. इसी दौरान वहलना चौक के आसपास उनके मोबाइल की बैटरी फटने की बात सामने आई. शैलेंद्र के मुताबिक, हादसे में विकास की छाती पर चोट लगी थी. वह बाइक से नीचे गिर गए थे और उनके सिर में भी चोट आई थी. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया. बाद में परिजन उन्हें आरोग्य हॉस्पिटल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. शैलेंद्र ने विकास को मिलनसार और अच्छे व्यवहार वाला व्यक्ति बताया. उन्होंने कहा कि विकास के साथ उनके घनिष्ठ संबंध थे और वह गांव में सभी के साथ अच्छा व्यवहार रखते थे. पड़ोसी के मुताबिक, विकास की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उनके दो छोटे बच्चों के भविष्य को लेकर भी गांव के लोग चिंतित हैं.

Advertisement

सांसद चंदन चौहान की पत्नी ने परिवार से की मुलाकात

दुखद घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय सांसद चंदन चौहान की पत्नी यशिका चौहान भी पीड़ित परिवार के बीच पहुंचीं. उन्होंने विकास के पिता और अन्य परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं. यशिका चौहान ने दुख की इस घड़ी में परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया. 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण

मोबाइल की बैटरी फटने और बाइक से गिरने के बाद हुई विकास की मौत को लेकर पुलिस जांच कर रही है. खालापार थाना अध्यक्ष विजय सिंह ने फोन पर बताया कि मोबाइल की बैटरी फटने की घटना के बाद बाइक सवार व्यक्ति सड़क पर गिर गया था. गिरने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट आई थी, जो मौत की वजह हो सकती है. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »