उत्तर प्रदेश के मेरठ में मेरठ विकास प्राधिकरण (MDA) की आधिकारिक वेबसाइट हैक होने का मामला सामने आया है. साइबर हमले के बाद वेबसाइट के होमपेज को बदल दिया गया और वहां सामान्य जानकारी की जगह पाकिस्तान समर्थक आपत्तिजनक संदेश और नारे दिखाई देने लगे. घटना सामने आने के बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया.
अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार को जब लोगों ने मेरठ विकास प्राधिकरण की वेबसाइट खोली तो उन्हें सामान्य होमपेज की जगह काली स्क्रीन दिखाई दी. इस स्क्रीन पर पाकिस्तान समर्थक आपत्तिजनक संदेश और नारे लिखे हुए थे. इसके बाद मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई.
यह भी पढ़ें: मेरठ में रेप के आरोपी ने खुद को गोली मारकर किया सुसाइड, परिजनों ने लगाए ब्लैकमेलिंग के आरोप
घटना की सूचना मिलते ही मेरठ विकास प्राधिकरण की तकनीकी और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) टीम सक्रिय हो गई. वेबसाइट को तत्काल ऑफलाइन कर दिया गया और उसे मेंटेनेंस मोड में डाल दिया गया ताकि सर्वर को सुरक्षित करते हुए वेबसाइट को दोबारा बहाल किया जा सके.
वेबसाइट ऑफलाइन, सर्वर सुरक्षित करने की कोशिश
MDA की तकनीकी टीम फिलहाल वेबसाइट को सामान्य रूप से चालू करने और साइबर हमले के स्रोत का पता लगाने में जुटी है. साथ ही सर्वर की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए आवश्यक तकनीकी कदम उठाए जा रहे हैं.
अधिकारियों का कहना है कि वेबसाइट को फिलहाल सार्वजनिक पहुंच से हटा दिया गया है. जब तक सुरक्षा संबंधी सभी जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक वेबसाइट मेंटेनेंस मोड में ही रहेगी.
साइबर हमले के बाद पूरे मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई है. पुलिस तकनीकी विशेषज्ञों के साथ मिलकर इस घटना की जांच कर रही है.
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
मेरठ के एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि मेरठ विकास प्राधिकरण की वेबसाइट हैक होने की जानकारी पुलिस को मिल गई है. फिलहाल वेबसाइट को मेंटेनेंस मोड में रखा गया है.
उन्होंने कहा कि इस मामले में केस दर्ज किया जा रहा है और जल्द ही पूरे प्रकरण का खुलासा किया जाएगा. पुलिस साइबर हमले के पीछे शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है.
पुलिस का कहना है, साइबर हमले के सभी तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हैकिंग किस तरह की गई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं. जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
aajtak.in