कांशीराम के महापरिनिर्वाण दिवस पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. बसपा प्रमुख ने लखनऊ स्थित पार्टी के सेंट्रल कैंप कार्यालय में हुए कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं से कांशीराम के नक्शेकदम पर चलकर पार्टी और बहुजन आंदोलन को आगे बढ़ाने पर जोर दिया. उन्होंने मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल कुछ लोगों को फीलगुड कराना विकास नहीं होता. सभी को समान अधिकार मिलना चाहिए जिसके लिए कांशीराम प्रयासरत रहे.
कांशीराम को भारत रत्न देने की उठाई मांग
मायावती ने कहा कि कांशीराम ने संवैधानिक बहुजन समाज की कल्पना को जमीन पर उतारने के लिए जीवन समर्पित कर दिया, हमें उसी विश्वास को कायम रखना है. उन्होंने केंद्र सरकार से कांशीराम को उनके सामाजिक परिवर्तन में ऐतिहासिक योगदान के लिए भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए।
पार्टी को परिवारवाद से मुक्त रखना
मायावती ने कहा कि कांशीराम का अनुसरण करते हुए बसपा और बहुजन आंदोलन को परिवारवाद से मुक्त रखने का संकल्प दोहराया. उन्होंने बाबा साहेब का जिक्र करते हुए बहुजन समाज को शासक वर्ग बनाने का लक्ष्य दोहराया. उन्होंने कहा कि बहुजन समाज ही उनका असली परिवार है और उसका हित, अस्मिता व आत्मसम्मान उनके लिए सर्वोपरि है.
कुछ लोग को फीलगुड कराने से समृद्धि नहीं आती
मायावती ने कहा कि गरीबी, महंगाई, बेरोजगारी, अशिक्षा और पिछड़ेपन जैसी समस्याओं के बीच केवल कुछ लोगों के लिए ‘फीलगुड’ का माहौल बनाकर देश को सुखी और समृद्ध नहीं बनाया जा सकता. कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और रोजगार जैसे बुनियादी क्षेत्रों में सरकार को जनहित और जनकल्याण को प्राथमिकता देने की जरूरत है उन्होंने जनकल्याणकारी सेवाओं को मजबूत करने और कारोबारी सोच के बजाय संवैधानिक व मानवीय दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया.
Gen-Z और Gen-Alpha की ऊर्जा को देश निर्माण में लगाएं
मायावती ने कहा कि युवाओं, विशेषकर Gen-Z और Gen-Alpha की ऊर्जा को देश निर्माण में लगाने के लिए सरकारों को उचित अवसर देने चाहिए. उन्हें रोजगार, शिक्षा और विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ाने पर जोर दिया. उन्होंने चुनावी वादाखिलाफी और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर युवाओं में बढ़ते असंतोष को लेकर सरकार को आगाह भी किया.
सर्वजन हिता, सर्वजन सुखाय नीति में सबका हित
बसपा ने दावा किया कि उसकी ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की नीति में युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और किसानों समेत सभी वर्गों का हित है. इस दौरान उन्होंने बसपा सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था, जनकल्याण और विकास के कार्यों पर भी चर्चा की. कार्यक्रम में राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे.
आशीष श्रीवास्तव