'बॉयफ्रेंड से शादी करवाओ नहीं तो...', प्रेमी से विवाह की जिद पर मोबाइल टावर पर चढ़ी प्रेमिका- VIDEO

मऊ जिले में एक नाबालिग लड़की अपने प्रेमी से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया.परिवार की असहमति से नाराज लड़की को पुलिस ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद समझाकर नीचे उतारा.

Advertisement
मोबाइल टावर पर चढ़कर लड़की ने मचाया बवाल. (Photo: Screengrabs) मोबाइल टावर पर चढ़कर लड़की ने मचाया बवाल. (Photo: Screengrabs)

दुर्गा किंकर सिंह

  • मऊ,
  • 02 मई 2026,
  • अपडेटेड 3:11 PM IST

उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग लड़की अपने प्रेमी से शादी कराने की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गई. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद लड़की को सुरक्षित नीचे उतारा गया.

Advertisement

जानकारी के अनुसार यह घटना घोसी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लखनी मुबारकपुर की है. बताया जा रहा है कि पड़ोस के गांव मानिकपुर की रहने वाली एक नाबालिग लड़की का लखनी मुबारकपुर के ही एक युवक से प्रेम संबंध था. दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार वाले इस रिश्ते के खिलाफ थे. परिवार की असहमति से नाराज होकर लड़की ने यह कदम उठाया और सुबह करीब 6 बजे गांव में स्थित एक ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई.

सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर जब टावर पर चढ़ी लड़की पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने लड़की को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपने प्रेमी को मौके पर बुलाने और शादी कराने की मांग पर अड़ी रही.हालांकि, प्रेमी या उसके परिजन मौके पर नहीं पहुंचे.

Advertisement

करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद नीचे उतरी लड़की
करीब दो घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने लड़की को समझा-बुझाकर और शादी कराने का आश्वासन देकर नीचे उतारने में सफलता पाई. इसके बाद पुलिस लड़की को थाने ले गई और साथ ही लड़के व उसके परिजनों को भी बुलाया गया. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से बातचीत कर रही है.

इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि लड़की नाबालिग है और ऐसे मामलों में युवाओं की काउंसलिंग बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि “मिशन शक्ति” टीम द्वारा लड़की की काउंसलिंग की जा रही है, ताकि उसे सही दिशा में मार्गदर्शन दिया जा सके. साथ ही लड़के को भी समझाया जा रहा है.

पुलिस का कहना है कि शिक्षा और स्वास्थ्य युवाओं की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए, जबकि विवाह जैसे फैसले सही उम्र और परिस्थितियों में ही लिए जाने चाहिए. फिलहाल इस मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »