मथुरा: परिक्रमा मार्ग में ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप, भंडारे को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष; पुलिसवालों पर गिरी गाज

मथुरा के महोली गांव में पुरुषोत्तम मास की चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग में भंडारा लगाने और पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई. इस दौरान खुलेआम हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जिसके बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है.

Advertisement
मथुरा में गोलीबारी का वीडियो वायरल (Photo- Screengrab) मथुरा में गोलीबारी का वीडियो वायरल (Photo- Screengrab)

मदन गोपाल शर्मा

  • मथुरा ,
  • 29 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:50 PM IST

Uttar Pradesh News: मथुरा के थाना हाईवे इलाके के महोली गांव में 28 मई को भंडारा लगाने और मोटरसाइकिल टकराने के विवाद में दो पक्षों ने एक-दूसरे पर खुलेआम ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. पुरानी रंजिश के कारण हुए इस हिंसक विवाद में आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और मामले की छानबीन शुरू की. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने इस गंभीर मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की. पुलिस ने तत्काल छह आरोपियों को हिरासत में लेकर अवैध हथियार बरामद किए. वहीं, सपा और कांग्रेस ने घटना का वीडियो पोस्ट कर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. 

Advertisement

पुरानी रंजिश में भड़की हिंसा

महोली गांव में पार्षद प्रतिनिधि और स्थानीय निवासी चंद्रपाल के बीच करीब छह महीने पहले भी एक गंभीर झगड़ा हुआ था. उस समय गांव के जिम्मेदार लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था. लेकिन यह विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ था. 28 मई को मोटरसाइकिल टकराने और परिक्रमा मार्ग पर भंडारा लगाने की प्रतिस्पर्धा को लेकर दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते तीखी बहस खूनी संघर्ष में बदल गई.

खुलेआम हुई ताबड़तोड़ फायरिंग

सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस प्रकार दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर बिना डर के खुलेआम गोलियां बरसा रहे हैं. यह तस्वीरें बेहद हैरान करने वाली हैं. इस गोलीबारी और हिंसक झड़प में कुल छह लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फायरिंग करने वाले अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है.

Advertisement

एसएसपी ने की सख्त कार्रवाई

मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि पुलिस की तरफ से गंभीर और कड़ी धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया जा रहा है. हिरासत में लिए गए छह लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है. इसके साथ ही पुराने विवाद में पुलिस की भूमिका की भी विस्तृत जांच हो रही है. यदि किसी भी पुलिसकर्मी का दोष पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध भी सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

थाना प्रभारी लाइन हाजिर, दो निलंबित

इस बड़ी वारदात के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले का संज्ञान लेते हुए थाना हाईवे के प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार को तत्काल लाइन हाजिर कर दिया है. उनके स्थान पर निरीक्षक प्रशान्त कपिल को नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है. इसके अलावा चौकी औद्योगिक क्षेत्र/पन्ना पोखर पर तैनात उपनिरीक्षक संदीप कुमार और आरक्षी आदर्श कुमार को प्रारंभिक रूप से दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया गया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »