उत्तर प्रदेश के मथुरा में 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला की घर में घुसकर हत्या कर दी गई. वारदात थाना कोतवाली इलाके के बंगाली घाट क्षेत्र की चूना कंकड़ गली में हुई. मृतका की पहचान सुमन चतुर्वेदी, पत्नी रमेश चतुर्वेदी, के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह अपने घर में अकेली रहती थीं. रविवार सुबह अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई.
घटना की जानकारी परिजनों और आसपास रहने वाले लोगों को मिली तो मौके पर भीड़ जुट गई. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घर के अंदर जांच की, जहां खून के निशान मिले. बुजुर्ग महिला की हत्या की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और वारदात से जुड़े सुराग जुटाए जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें: दशहरे पर 22 माह के मासूम की नरबलि की साजिश, नीमराना से अगवा कर मथुरा ले गया आरोपी, महंत की सजगता से बची जान
मृतका के बेटे और स्थानीय पड़ोसी हेमंत कुमार के मुताबिक, महिला के सिर पर वार कर उनकी हत्या की गई है. उन्होंने आशंका जताई कि वारदात को लूट के इरादे से अंजाम दिया गया हो सकता है. हालांकि, घर से किसी सामान की लूट हुई है या हत्या के पीछे कोई दूसरा कारण है, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
ASP आशना चौधरी ने क्या बताया?
सहायक पुलिस अधीक्षक आशना चौधरी ने बताया कि थाना कोतवाली के बंगाली घाट चौकी क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला का शव मिला है. उनके चेहरे और सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही घटनास्थल की जांच कर मामले से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा रहा है.
पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया है, ताकि जरूरी साक्ष्य जुटाए जा सकें. जांच टीम हत्या के कारणों और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रही है. फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी या हत्या के पीछे की वजह को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में अधिक जानकारी मिलने की उम्मीद है.
मदन गोपाल शर्मा