नोएडा के सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के अंतर्गत पार्थला चौक के पास रोड रेज का एक मामला सामने आया है. पीड़ित ने आरोप लगाया है कि 10 जुलाई को कार्यालय जाते समय उनकी कार के आगे चल रहे वाहन के अचानक ब्रेक लगाने पर उन्हें भी ब्रेक लगाना पड़ा. इसी दौरान पीछे से आ रही कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी.
पीड़ित अरिन चौधरी के अनुसार, हादसे के बाद दूसरे वाहन का चालक गाली-गलौज करने लगा और विरोध करने पर उसने अरिन के साथ मारपीट की. आरोप है कि आरोपी ने उनकी टी-शर्ट पकड़कर बाएं कान के नीचे कई मुक्के मारे. बीच-बचाव के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
पीड़ित का कहना है कि हमले में उनके बाएं कान का पर्दा में दिक्कत हो गई है और कान में खून का थक्का जम गया. उन्होंने अस्पताल में उपचार कराया और मेडिकल रिपोर्ट, चोटों की तस्वीरें तथा कार के आगे और पीछे लगे डैशकैम की फुटेज पुलिस को सौंपी है.
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी की कार पर पीछे नंबर प्लेट नहीं थी और वाहन के शीशों पर काली फिल्म लगी हुई थी. पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
वही पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
अरुण त्यागी