उत्तर प्रदेश के झांसी में पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिस पर सस्ते दाम में सोना बेचने का झांसा देकर एक व्यापारी से 10 लाख की ठगी का आरोप है. आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया. पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह घायल हो गया.
एजेंसी के मुताबिक, पूरा मामला मध्य प्रदेश के इंदौर में रहने वाले व्यापारी दीपक दुबे से जुड़ा है. व्यापारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके एक पूर्व कर्मचारी ने उसकी मुलाकात मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ निवासी दीपचंद से कराई थी.
आरोप है कि दीपचंद ने व्यापारी को बताया कि उसके घर में बड़ी मात्रा में पुराना सोना मिला है और वह इसे बाजार भाव से काफी कम कीमत पर बेचना चाहता है. सस्ते दाम में सोना खरीदने की संभावना सुनकर व्यापारी उसकी बातों में आ गया.
पुलिस के अनुसार, 2 जून को आरोपी ने व्यापारी दीपक दुबे और उसके एक सहयोगी को झांसी के बरुआसागर क्षेत्र स्थित एक मंदिर में बुलाया. वहां उसने सोने का एक छोटा टुकड़ा दिखाया और दावा किया कि उसके पास इसी तरह का काफी पुराना सोना मौजूद है. आरोपी की बातों पर भरोसा कर व्यापारी ने उसे 10 लाख रुपये दे दिए.
यह भी पढ़ें: गैंगस्टर अटैक से दहला पंचकूला, पार्षद के देवर रतन लुबाना पर ताबड़तोड़ फायरिंग, मुठभेड़ के बाद दो शूटर गिरफ्तार
पैसे लेने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. बाद में व्यापारी को पता चला कि जिसे सोना समझकर खरीदा गया था, वह असली नहीं बल्कि नकली था. इसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
झांसी के धमना रोड इलाके में मिली आरोपी की लोकेशन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में कई टीमें लगाई गईं. जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की लोकेशन झांसी के धमना रोड क्षेत्र में मिली.
बुधवार देर रात पुलिस ने आरोपी को घेरने की कोशिश की. इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी घायल हो गया. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
झांसी की सिटी एसपी प्रीति सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपचंद के रूप में हुई है. उसके पास से एक देसी तमंचा बरामद किया गया है. इसके अलावा ठगी की रकम में से 6.27 लाख रुपये भी बरामद किए गए हैं. पुलिस अब इस मामले में आरोपी के अन्य साथियों की तलाश कर रही है.
aajtak.in