यूपी के मैनपुरी से हैरानी भरा मामला सामने आया है. यहां एक पेट्रोल पंप सेल्समैन की गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. हालांकि परिजनों ने गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है. फिलहाल सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. साथ ही पुलिस पुरानी रंजिश को लेकर हत्या करने के एंगल से भी जांच कर रही है.
दरअसल औंछा थाना क्षेत्र के गांव नगला कंचन निवासी 35 वर्षीय गौरव कुमार जसराना रोड पर गांव नगला दुर्जन के पास स्थित श्रीजी पेट्रोल पंप पर सेल्समैन था. शुक्रवार को पेट्रोल पंप से कुछ दूरी पर गौरव का शव झाड़ियों में मिला. उसके सिर में गोली लगी थी और पास में एक तमंचा भी पड़ा हुआ था. सूचना पर पहुंची पुलिस ने तमंचे को बरामद कर लिया है.
यह भी पढ़ें: रेलवे फाटक खुलते ही मौत बनकर टूटा ट्रक, बाइक सवार दो महिलाओं को रौंदकर चालक फरार
गौरव के दोस्त राहुल चौहान ने बताया कि होली के दिन पेट्रोल पंप पर ही लेनदेन को लेकर 4 युवकों से विवाद हुआ था. मामले में चारों को पुलिस ने तमंचे के साथ गिरफ्तार भी किया था. हालांकि बाद में पुलिस ने तीन को पैसे लेकर छोड़ दिया था. जबकि चौथे युवक को भी कुछ दिन में जमानत दे दी गई थी. आरोप है कि इन्हीं युवकों में किसी ने उसकी हत्या की है.
पुलिस अधिकारी ने क्या कहा
इस मामले में एक वीडियो भी सामने आया है. जिसमें मृतक गौरव के अलावा चार युवक, दारोगा अमित सिंह और पुलिस का ही एक सिपाही दिखाई दे रहा है. उस वीडियो में दारोगा अमित सिंह के हाथ में तमंचा है और चारों युवकों से पूछताछ की जा रही है. जिसमें युवक कह रहे हैं कि यह तमंचा मेरा ही है.
इस मामले में क्षेत्राधिकारी करहल अजय कुमार सिंह द्वारा बताया गया कि मामले में जांच जारी है. शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक की जांच के अलावा जैसी तहरीर मिलेगी, उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी. अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी.
पुष्पेंद्र सिंह