उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के कबरई स्थित राजीव नगर प्राथमिक विद्यालय में भारी बारिश के बाद स्कूल में पानी भर गया. पूरे परिसर में जलभराव के चलते छोटे-छोटे बच्चे पानी में बैठकर पढ़ने को मजबूर हैं. वहीं शनिवार रात बाउंड्रीवॉल गिर जाने से पानी कमरों में घुस गया, जिससे राशन और रजिस्टर सब बर्बाद हो गए. बिल्डिंग में करंट उतरने से बच्चों की जान पर भी खतरा मंडरा रहा है. बार-बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं.
महोबा जिले के कबरई विकासखंड अंतर्गत कबरई कस्बा के राजीव नगर वार्ड में प्राथमिक विद्यालय स्थित है. जहां हर साल की तरह इस बार भी मानसूनी बारिश ने शिक्षा व्यवस्था के दावों की पोल खोलकर रख दी है. विद्यालय परिसर से लेकर क्लास रूम तक, चारों तरफ सिर्फ पानी ही पानी नजर आ रहा है. हालत यह है कि बारिश के कारण विद्यालय की बाउंड्रीवॉल ढह गई. परिसर और आंगनबाड़ी केंद्र में पानी भरने से मिड-डे मील का राशन, चावल और स्कूल के जरूरी दस्तावेज पानी में डूबकर पूरी तरह खराब हो चुके हैं.
सुकून से खा भी नहीं पा रहे हैं बच्चे
बच्चे टॉयलेट तक नहीं जा पा रहे हैं और न ही सुकून से खाना खा पा रहे हैं. आने वाली परीक्षाओं की तैयारी के लिए नौनिहाल गंदे पानी के बीच बरामदे में बैठने को मजबूर हैं. सबसे ज्यादा डराने वाली बात यह है कि जर्जर हो चुकी स्कूल बिल्डिंग में करंट उतर रहा है. स्कूली छात्राओं ने बताया कि उन्हें पानी में उतरते समय करंट का झटका भी लग चुका है, जिससे हर पल किसी बड़े हादसे का डर बना रहता है.
विद्यालय के अध्यापक मोहन बाबू का कहना है कि यह समस्या सालों पुरानी है. उन्होंने कई बार एबीएसए से शिकायत की. एबीएसए मौके पर जांच करने आए, लेकिन आश्वासन के बाद भी आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. मासूम बच्चों और शिक्षकों ने जिला प्रशासन से तत्काल पानी की निकासी कराने और स्कूल की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित रह सके.
नाहिद अंसारी