वो पीटता नहीं था, उसने बीवी को मेंटल कर दिया था...मृत पाई गई श्वेता की बहन का दावा

लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में नवविवाहिता श्वेता की संदिग्ध मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. परिजनों ने दहेज प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न और ससुराल पक्ष के व्यवहार को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पति और ससुर को हिरासत में लिया है, जबकि पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है.

Advertisement
मृत पाई गई श्वेता की बहन ने किए कई दावे (Photo: itg) मृत पाई गई श्वेता की बहन ने किए कई दावे (Photo: itg)

अंकित मिश्रा

  • लखनऊ,
  • 27 मई 2026,
  • अपडेटेड 5:20 PM IST

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र से आज एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई. यहां काशी विहार में एक नवविवाहिता ने शादी के महज 6 महीने के भीतर ही फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. मायके वालों का आरोप है कि महज 12 घंटे पहले ही ससुराल वाले उसे मायके से जबरदस्ती मायके से विदा कराकर ले गए थे और इन 12 घंटों में उसे मानसिक रूप से इस कदर प्रताड़ित किया गया कि उसने मौत को गले लगा लिया. मृतका के शरीर और पैरों पर छाले व चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका भी जताई जा रही है. पुलिस ने पति और ससुर को हिरासत में ले लिया है.

Advertisement

स्कार्पियो गाड़ी और दहेज के लिए बवाल

विश्वनगर मल्हाई टोला की रहने वाली श्वेता की शादी 22 नवंबर 2025 को काशी विहार निवासी भूपेंद्र सिंह उर्फ शिवम सिंह के साथ काफी धूमधाम से हुई थी. शिवम एक लैब संचालक है. श्वेता के पिता उमेश कुमार सिंह ने बताया कि शादी के समय से ही दहेज लोभियों ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया था. लड़की की विदाई के वक्त भी विवाद हुआ था. शादी के बाद से ही स्कार्पियो गाड़ी और लैब के कारोबार को बढ़ाने के लिए रुपयों की डिमांड की जा रही थी. सास और ननद उसे दिन-रात ताने मारती थीं.

'12 बजे तक घर आ पाई तो ठीक, वरना...'

श्वेता की मां सविता सिंह का हाल ही में ऑपरेशन हुआ है और वह एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं. श्वेता अपनी मां की देखभाल के लिए मायके आई हुई थी.रविवार को ससुराल वाले जबरन उसे अपने साथ ले गए. सोमवार सुबह करीब 11 बजे श्वेता ने अपनी बहन को फोन किया और कहा, मैं मम्मी के पास आ रही हूं. अगर 12 बजे तक आ पाई तो ठीक, वरना मुझे कभी नहीं देख पाओगी. इस कॉल के ठीक 10 मिनट बाद ही श्वेता के पिता के पास फोन आया कि उसने आत्महत्या कर ली है.

Advertisement

श्वेता की बहन ज्योति ने बताया, जब हमें खबर मिली तो हम ससुराल पहुंचे, वहां कोई नहीं था. अस्पताल के बारे में पूछने पर भी किसी ने कुछ नहीं बताया.आधा घंटा ढूंढने के बाद ट्रामा सेंटर में बहन स्ट्रेचर पर मृत मिली. हमने उसके हाथों की चूड़ियों से उसकी पहचान की. रविवार को जब वह मिलकर गई थी, तब उसके शरीर पर कोई निशान नहीं थे, लेकिन अब उसके पैरों पर छाले और शरीर पर कई चोट के निशान थे.

'सीधे मारपीट नहीं करता था, मेंटल कर दिया था'

बिलखती हुई बहनों ने बताया कि श्वेता काफी पढ़ी-लिखी और समझदार थी, वह इतनी कमजोर नहीं थी कि फांसी लगा ले. बहन ने कहा पति ने कभी सीधे मारपीट तो नहीं की, लेकिन उसने श्वेता को मानसिक तौर पर पागल कर दिया था. सास-ननद के प्रताड़ित करने पर जब श्वेता घर आती थी, तो ननद सोशल मीडिया पर स्टेटस लगाकर ताने मारती थी. हम लोग यही समझाते रहे कि पति अच्छा है तो बर्दाश्त कर लो, लेकिन पति भी दरिंदा निकला. सबने मिलकर मीठी-मीठी बातें करके उसे मार डाला.

जब आजतक की टीम श्वेता के ससुराल पहुंची तो घर पर कोई नहीं मिला. इस सनसनीखेज मामले पर डीसीपी वेस्ट कमलेश दीक्षित ने बताया कि मृतका के पिता उमेश सिंह की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतका के पति भूपेंद्र और ससुर कौशलेंद्र सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है. पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है.

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »