पंखे पर झूलती मां की लाश, पास में रोती ढाई साल की मासूम...लखनऊ में दहेज प्रताड़ना की भयानक तस्वीर

लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में एक विवाहिता का शव किराए के मकान में फंदे से लटका मिला. घटना के समय कमरे में मौजूद ढाई साल की मासूम बच्ची अपनी मां के शव के पास रोती मिली. मृतका के पिता ने पति और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना तथा पैसों की मांग के गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद पुलिस जांच में जुटी है.

Advertisement
लखनऊ में दहेज प्रताड़ना की भयानक तस्वीर (Photo: representational image) लखनऊ में दहेज प्रताड़ना की भयानक तस्वीर (Photo: representational image)

अंकित मिश्रा

  • लखनऊ,
  • 12 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:31 AM IST

उत्तर प्रदेश में लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां के एक किराए के मकान में विवाहिता का शव पंखे से लटका हुआ बरामद किया गया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस मामले में मृतका के पिता ने दामाद और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है.

Advertisement

जौनपुर जिले के महुआरी निवासी सूरज लाल यादव की बेटी प्रियंका यादव की शादी साल 2021 में अजय कुमार यादव से हुई थी. अजय राम मनोहर लोहिया अस्पताल में इलेक्ट्रिशियन के पद पर तैनात है. प्रियंका अपनी ढाई साल की मासूम बेटी के साथ कुल्लीखेड़ा में किराए के कमरे पर रह रही थी.

 बुधवार शाम को जब प्रियंका ने परिजनों का फोन नहीं उठाया, तो अनहोनी की आशंका में परिवार ने मकान मालिक को इसकी जानकारी दी. मकान मालिक जब कमरे पर पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए. कमरे के भीतर ढाई साल की बच्ची बिलख-बिलख कर रो रही थी और प्रियंका का शव पंखे से साड़ी के फंदे के सहारे लटका हुआ था. विवाहिता की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. मृतका के पिता सूरज लाल यादव ने दामाद अजय यादव पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं. पिता का कहना है कि अजय लंबे समय से प्रियंका को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था और लगातार रुपयों की मांग कर रहा था. प्रियंका के साथ अक्सर मारपीट की जाती थी.

Advertisement

पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रियंका और उसके पति के बीच पिछले काफी समय से विवाद चल रहा था. विवाद इस कदर बढ़ गया था कि बीते अप्रैल के महीने में जौनपुर स्थित पैतृक गांव में दोनों पक्षों के रिश्तेदारों के बीच एक पंचायत भी बुलाई गई थी. पंचायत के बाद प्रियंका वापस अपने पति के साथ कुल्लीखेड़ा रहने आ गई थी. वहीं, स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि घटना से महज दो दिन पहले भी पति-पत्नी के बीच भारी कलह हुई थी, जिसके बाद पति घर छोड़कर चला गया था.

सुशांत गोल्फ सिटी थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की हर एंगल से तफ्तीश की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »