उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने सिम बॉक्स के जरिए साइबर ठगी करने और सस्ते में विदेश फोन कॉल कराने वाले ठिकानों पर छापेमारी की. यह कार्रवाई सुशांत गोल्फ सिटी, पारा, बीबीडी और चिनहट थाना क्षेत्रों में की गई.
पुलिस की टीमों ने चार अलग-अलग अपार्टमेंट में छापेमारी कर 6 सिम बॉक्स, 21 स्मार्ट स्विच, 3 वीपीएन गेटवे और 192 सिम स्लॉट बरामद किए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इन उपकरणों के जरिए अवैध टेलीफोन एक्सचेंज चलाया जा रहा था.
यह भी पढ़ें: लखनऊ: ट्रिपल मर्डर के बाद सआदतगंज में एक और वारदात, चाकू से गोदकर युवक की हत्या
छापेमारी के दौरान सुशांत गोल्फ सिटी के स्वाती अपार्टमेंट, पारा थाना क्षेत्र की आशीर्वाद बिल्डिंग, बीबीडी के गोल्ड लाइन अपार्टमेंट और चिनहट स्थित जीजे पैराडाइज को खंगाला गया. पुलिस के मुताबिक, इन ठिकानों पर सिम बॉक्स लगाकर साइबर ठगी और विदेश में फोन कॉल कराने का अवैध कारोबार चलाया जा रहा था.
सिम बॉक्स से चल रहा था अवैध टेलीफोन एक्सचेंज
लखनऊ पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क के जरिए सीबीआई और ईडी का अधिकारी बनकर लोगों से ठगी की जा रही थी. इसके अलावा सिम बॉक्स के माध्यम से विदेश में फोन कॉल कराए जा रहे थे. इस तरीके से मोबाइल कंपनियों को भी आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा रहा था.
सिम बॉक्स के जरिए कई सिम कार्ड का इस्तेमाल कर विदेश से आने वाली कॉल को स्थानीय मोबाइल नेटवर्क के माध्यम से संचालित किया जा सकता है. इससे अंतरराष्ट्रीय कॉल को सामान्य स्थानीय कॉल की तरह दिखाकर मोबाइल कंपनियों को चूना लगाया जा रहा था.
पुलिस ने बरामद उपकरणों के आधार पर अवैध सिम बॉक्स से टेलीफोन एक्सचेंज संचालित करने वालों की पहचान शुरू कर दी है. अधिकारियों के मुताबिक, इस नेटवर्क से जुड़े लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा. फिलहाल पुलिस बरामदगी के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है.
संतोष शर्मा