BMW के सीक्रेट लॉकर से निकले 26 लाख रुपये, चेकिंग में खुला बड़ा राज... 3 युवक हिरासत में

लखनऊ में रूटीन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक लग्जरी BMW कार के सीक्रेट लॉकर से 26 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं. कार में मौजूद तीन युवक रकम से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके. पुलिस ने BMW और स्कॉर्पियो को सीज कर दिया है, जबकि आयकर विभाग नकदी के स्रोत की जांच में जुट गया है.

Advertisement
BMW और स्कॉर्पियो सीज.(Photo: Ankit mishra/ITG) BMW और स्कॉर्पियो सीज.(Photo: Ankit mishra/ITG)

अंकित मिश्रा

  • लखनऊ,
  • 04 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 11:37 PM IST

राजधानी लखनऊ में देर रात पुलिस की रूटीन चेकिंग के दौरान एक लग्जरी BMW कार से ऐसा खुलासा हुआ, जिसने जांच अधिकारियों को भी हैरान कर दिया. कार की डिक्की में बने एक गुप्त लॉकर से 26 लाख रुपये नकद बरामद हुए. इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद तीन युवकों को हिरासत में ले लिया.

दरअसल, यह कार्रवाई आशियाना थाना क्षेत्र में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात हुई. किला चौकी क्षेत्र स्थित सोशल प्वाइंट रेस्टोरेंट के पास पुलिस नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान काले शीशों वाली हरियाणा नंबर की BMW और एक स्कॉर्पियो संदिग्ध हालत में खड़ी दिखाई दी.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 'आरोपी को गिरफ्तार करो...', लखनऊ में दिव्यांग छात्रा मोबाइल टावर पर चढ़ी, लिखित आश्वासन के बाद उतरी

पुलिस ने जब दोनों गाड़ियों के पास मौजूद युवकों से पूछताछ की और वाहनों के दस्तावेज मांगे, तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके. पूछताछ के दौरान युवकों ने बताया कि वे कार के अंदर बैठकर नकदी की गिनती कर रहे थे, जिसके बाद पुलिस का शक और गहरा गया.

डिक्की में बना था सीक्रेट लॉकर, निकली 52 गड्डियां

मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी. उनके निर्देश पर BMW कार की गहन तलाशी ली गई.

तलाशी के दौरान पुलिस को कार की डिक्की में एक सीक्रेट लॉकर मिला. जब उसे खोला गया तो उसके अंदर 500-500 रुपये के नोटों की 52 गड्डियां रखी मिलीं. गिनती करने पर कुल रकम 26 लाख रुपये निकली.

Advertisement

इतनी बड़ी नकदी मिलने के बावजूद युवक उसके स्रोत से जुड़े कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके. इसके बाद पुलिस ने तत्काल पूरी रकम को अपने कब्जे में ले लिया.

आयकर विभाग को दी सूचना, दोनों गाड़ियां सीज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आयकर विभाग को सूचना दी. देर रात ही आयकर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बरामद नकदी को लेकर अपनी वैधानिक जांच शुरू कर दी.

संदिग्ध परिस्थितियों और आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने BMW और स्कॉर्पियो दोनों वाहनों को भी सीज कर दिया. अब दोनों गाड़ियों की भी तकनीकी और कानूनी जांच की जाएगी.

पुलिस का मानना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह नकदी किसकी है, कहां से लाई गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था.

तीनों युवकों से पूछताछ जारी

पुलिस की हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान शिवांशु पांडेय (21), रोचमन वर्मा (19) और रचित ठाकुर उर्फ अथर्व के रूप में हुई है. शिवांशु पीजीआई क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि रोचमन आशियाना कॉलोनी का निवासी बताया गया है.

फिलहाल पुलिस और आयकर विभाग संयुक्त रूप से पूरे मामले की जांच कर रहे हैं. अधिकारियों की कोशिश है कि नकदी के वास्तविक मालिक और उसके स्रोत का पता लगाया जा सके.

Advertisement

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आधी रात को इतनी बड़ी रकम लेकर ये युवक कहां जा रहे थे और क्या इस मामले का संबंध किसी बड़े वित्तीय या आपराधिक नेटवर्क से है. जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी.

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »