इश्क, इनकार और इंतकाम... एकतरफा मोहब्बत में अंतरंग संबंध बनाने से मना करने पर हत्या

यूपी के बस्ती जिले में बोर्ड परीक्षा दे रही 12वीं की छात्रा की आधी रात घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई. आरोप है कि एकतरफा प्यार में पागल युवक ने पहले निजी तस्वीरें वायरल कीं, मुकदमा दर्ज हुआ और फिर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया. गांव में दहशत, परिवार सदमे में और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.

Advertisement
इसी बरामदे में छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई (Photo ITG) इसी बरामदे में छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई (Photo ITG)

संतोष सिंह

  • बस्ती ,
  • 03 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 1:58 PM IST

यूपी के बस्ती जिले के गांव बैडारी एहतमाली में बीती रात जो हुआ, उसने सन्नाटे को चीखों में बदल दिया. वहां हुई वारदात बताती है कि एकतरफा मोहब्बत जब जुनून बन जाती है तो उसका अंजाम कितना भयावह हो सकता है.

बस्ती के कलवारी थाना क्षेत्र के इस गांव में सोमवार देर रात करीब एक बजे गोलियों की आवाज ने पूरे इलाके को जगा दिया. बरामदे में अपनी किताबों और सपनों के साथ सोई 12वीं की छात्रा अनुष्का (परिवर्तित नाम) को क्या पता था कि बोर्ड परीक्षा की तैयारी के बीच उसकी जिंदगी का आखिरी अध्याय लिखा जा रहा है. गांव का ही युवक मंदीप, जिसे लोग पहले एक सामान्य लड़के की तरह जानते थे, उस रात हाथ में असलहा लिए अनुष्का के घर पहुंचा. आरोप है कि उसने पहले सिर पर और फिर सीने में गोली दाग दी. सब कुछ इतना तेजी से हुआ कि पास में सो रहा उसका भाई अवनीश चीख भी नहीं पाया. गोली की आवाज से जब घर के लोग जागे, तो आरोपी ने उनकी ओर भी हथियार तान दिया. मां पर फायर किया, लेकिन किस्मत ने साथ दिया और गोली चूक गई.

Advertisement

बरामदे से मोर्चरी तक

घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई. पड़ोसी घरों के दरवाजे खुलने लगे, मोबाइल की टॉर्चें जल उठीं और कुछ ही देर में पुलिस को सूचना दे दी गई. दो थानों की पुलिस, क्षेत्राधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे. घायल किशोरी को आनन-फानन में बनहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. 

प्यार, दबाव और ब्लैकमेल

इस वारदात की असली परतें तब खुलती हैं जब पुराने विवाद सामने आते हैं. परिजनों के मुताबिक, आरोपी युवक ने पहले दोस्ती का हाथ बढ़ाया. किशोरी को बहला-फुसलाकर उससे संबंध बनाए. आरोप है कि उसने कुछ निजी तस्वीरें और वीडियो भी बना लिए. जब लड़की ने दूरी बनानी शुरू की, तो यही तस्वीरें उसके खिलाफ हथियार बन गईं. बताया जा रहा है कि 18 दिसंबर 2025 को उन अंतरंग तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया. मामला थाने तक पहुंचा. आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ, बाद में दुष्कर्म की धाराएं भी जुड़ीं. केस दर्ज होते ही आरोपी गांव छोड़कर फरार हो गया था. लेकिन बीती रात वह अचानक लौटा और लौटते ही उसने खौफ की इबारत लिख दी.

Advertisement

परीक्षा की कॉपियों में छूट गए सवाल

अनुष्का बोर्ड परीक्षा दे रही थी. परिवार को उम्मीद थी कि वह अच्छे अंकों से पास होकर आगे पढ़ाई करेगी. गांव के लोगों के मुताबिक, वह पढ़ाई में तेज थी. उसकी किताबें अब भी बरामदे में रखी थीं खुली हुई, जैसे वह थोड़ी देर में लौटकर पढ़ाई पूरी कर लेगी. यह घटना सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि उस भरोसे की हत्या भी है, जो परिवार अपनी बेटियों के सपनों में देखता है.

पुलिस की कार्रवाई

अपर पुलिस अधीक्षक श्यामाकांत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. पुलिस का कहना है कि पहले से दर्ज मामले की फाइल भी खंगाली जा रही है. यह देखा जा रहा है कि आरोपी पर पहले लगाए गए आरोपों के बाद उसकी गतिविधियों पर कितनी निगरानी थी और वह दोबारा गांव कैसे पहुंचा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement