गोरखपुर में आसमानी कहर! आकाशीय बिजली की चपेट में आकर तीन की मौत, 6 झुलसे

गोरखपुर में सोमवार को तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य झुलस गए. मृतकों में पिपराइच के राकेश पासवान और नवमिनाथ शर्मा और चौरीचौरा के उस्मान अंसारी शामिल हैं. सभी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका. घायलों का इलाज चल रहा है. वहीं, प्रशासन ने जांच और सहायता का भरोसा दिया है.

Advertisement
प्रतीकात्मक फोटो. प्रतीकात्मक फोटो.

aajtak.in

  • गोरखपुर,
  • 23 जून 2025,
  • अपडेटेड 9:55 PM IST

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में सोमवार को तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से तीन अलग-अलग जगहों पर तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं, छह अन्य लोग झुलस गए. प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है और घायलों का इलाज चल रहा है.

दरअसल, पहली घटना पिपराइच क्षेत्र के बेला गांव के पास हुई, जहां राकेश पासवान नामक एक मैकेनिक पुल के पास टहल रहे थे. इस दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तुरंत पिपराइच के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया. मगर, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

Advertisement

यह भी पढ़ें: UP में बारिश का कहर... बलिया में आकाशीय बिजली से युवक की मौत, मुजफ़्फरनगर में नाले में बहा 3 साल का मासूम

दूसरी घटना में पिपराइच निवासी 45 वर्षीय नवमिनाथ शर्मा पर भी बिजली गिर गई, जिससे मौके पर ही उनकी जान चली गई. परिजन और ग्रामीण उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका.

वहीं, तीसरी घटना चौरीचौरा क्षेत्र के फुलवरिया गांव में हुई. यहां 52 वर्षीय उस्मान अंसारी सुबह के समय अपने काम से निकले थे. इसी दौरान बिजली गिरने से उनकी मौत हो गई. इस हादसे में छह अन्य लोग भी झुलस गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इन घटनाओं के बाद इलाके में शोक का माहौल है.

प्रशासन ने स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सहायता दी जाए और घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित किया जाए. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई है. ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बारिश और आंधी-तूफान के समय खुले में न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »