राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को एक कोचिंग संस्थान में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद प्रदेशभर में कोचिंग संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है. इसी क्रम में संगम नगरी प्रयागराज में भी प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने बड़ा कदम उठाते हुए सिविल लाइंस स्थित खान सर की खान ग्लोबल क्लासेज को सील कर दिया है.
प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ऋषि राज के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई. जोन संख्या एक के जोनल अधिकारी गंगेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पीडीए की प्रवर्तन टीम ने कोचिंग संस्थान पर पहुंचकर सीलिंग की प्रक्रिया पूरी की. कार्रवाई से पहले कोचिंग में मौजूद छात्रों को बाहर निकाला गया. इसके बाद कार्यालय को भी बंद कराया गया और पूरी बिल्डिंग को सील कर दिया गया. सीलिंग की कार्रवाई पूरी होने के बाद कोचिंग संस्थान के बाहर नोटिस भी चस्पा कर दिया गया.
छात्रों को बाहर निकालकर बंद कराया गया संस्थान
नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि बिना अनुमति सील तोड़ने या दोबारा कोचिंग संचालन शुरू करने की स्थिति में संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी. जोनल अधिकारी गंगेश कुमार सिंह के अनुसार, जिस भवन में खान ग्लोबल क्लासेज का संचालन किया जा रहा था, उसका नक्शा कमर्शियल उपयोग के लिए स्वीकृत था. जबकि कोचिंग संस्थान का संचालन कम्युनिटी सर्विस श्रेणी में आता है. संबंधित भवन के लिए सामुदायिक सुविधा भू-उपयोग की स्वीकृति नहीं ली गई थी। इसी वजह से यह कार्रवाई की गई.
कार्रवाई से कोचिंग संचालकों में मचा हड़कंप
पीडीए अधिकारियों का कहना है कि नियमों और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान जारी रहेगा. इस कार्रवाई के बाद प्रयागराज के कोचिंग संचालकों में हड़कंप मच गया है. लखनऊ अग्निकांड के बाद प्रदेशभर में सुरक्षा मानकों और भवन उपयोग से जुड़े नियमों की जांच की जा रही है. इसी अभियान के तहत प्रयागराज में यह कार्रवाई की गई है. फिलहाल पीडीए ने कोचिंग संस्थान को सील कर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
पंकज श्रीवास्तव