कौशांबी में आंधी-बारिश का कहर, पेड़ और टीन गिरने से 4 लोगों की मौत

कौशांबी जिले में देर रात आए भीषण आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई है. जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में कच्चे मकान पर नीम का पेड़ और टीन शेड गिरने की वजह से एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत कुल चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई.

Advertisement
कौशांबी में पेड़ गिरने से तबाह हुआ हंसता-खेलता परिवार (Photo- ITG) कौशांबी में पेड़ गिरने से तबाह हुआ हंसता-खेलता परिवार (Photo- ITG)

अखिलेश कुमार

  • कौशांबी ,
  • 29 मई 2026,
  • अपडेटेड 9:57 AM IST

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में पश्चिम शरीरा और पइंसा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत देर रात करीब तीन बजे आए तेज आंधी-तूफान के कारण मकान ढहने और टीन गिरने से चार लोगों की मौत हो गई. दूनी तिवारी का पूरा गांव में कच्चे मकान पर नीम का विशाल पेड़ गिरने से मलबे में दबकर मां, बेटी और बेटे की जान चली गई, जबकि एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं, शाखा पहाड़पुर गांव में सो रहे अधेड़ के ऊपर टीन शेड गिर गया. प्राकृतिक आपदा की वजह से सोते समय हुए इस हादसों में चारों पीड़ितों ने दम तोड़ दिया.

Advertisement

पेड़ गिरने से तबाह हुआ हंसता-खेलता परिवार

पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के दूनी तिवारी का पूरा गांव में रात लगभग तीन बजे तेज आंधी-बारिश के दौरान अचानक एक पुराना नीम का पेड़ कच्चे मकान पर भरभराकर गिर गया. इस हादसे के वक्त परिवार के लोग घर के भीतर सो रहे थे. पेड़ गिरने से मकान पूरी तरह जमींदोज हो गया.

मलबे में दबने से माया देवी (28), उनकी पांच वर्षीय बेटी श्वेता और चार वर्षीय बेटे अनुभव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना में आठ वर्षीय बेटा अंकुश गंभीर रूप से घायल हुआ है.

मलबे से निकाले गए शव और टीन गिरने से दूसरी मौत

हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों ने इकट्ठा होकर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला. वहीं दूसरी तरफ, पइंसा कोतवाली क्षेत्र के शाखा पहाड़पुर में देर रात घर पर सो रहे अधेड़ चंद्रभान के ऊपर अचानक टीन गिर गया, जिसकी चपेट में आने से उनकी भी मौत हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. प्रशासन की टीम भी नुकसान का जायजा लेने गांव पहुंची है.

Advertisement

डीएसपी ने दी मामले की जानकारी

कौशांबी के डीएसपी जेपी पांडे ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि देर रात आंधी-तूफान के चलते कच्चे मकान पर पेड़ गिर गया था. इस हादसे में एक महिला और दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि एक बच्चा घायल है जिसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है. पुलिस द्वारा मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है. इस भयानक हादसे के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »