उत्तर प्रदेश के कौशांबी में शादी से इनकार किए जाने से नाराज एक युवती पानी की टंकी पर चढ़ गई. युवती को इस हालत में देखकर इलाके में हड़कंप मच गया. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा.
पूरा मामला पिपरी थाना क्षेत्र के मखऊपुर का है. बताया जा रहा है कि सराय अकिल थाना क्षेत्र के ढहिया गांव निवासी सुखलाल की 23 वर्षीय बेटी अनुपमा की सगाई सराय अकिल कस्बे के रहने वाले अवधेश कुमार के साथ हुई थी. दोनों की शादी की बात आगे बढ़ रही थी, लेकिन इसी बीच उनके बीच विवाद हो गया.
बताया जा रहा है कि किसी कॉल रिकॉर्डिंग को अवधेश के पास भेजे जाने के बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ. इसके बाद अवधेश ने अनुपमा से शादी करने से इनकार कर दिया. इसी बात से नाराज होकर युवती अपने घर से करीब चार किलोमीटर दूर मखऊपुर पहुंच गई और वहां बनी पानी की टंकी पर चढ़ गई.
टंकी पर चढ़ी युवती, जुटी लोगों की भारी भीड़
अनुपमा को पानी की टंकी पर चढ़ा देखकर स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई. कुछ ही देर में वहां बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए. लोगों ने युवती को काफी समझाने-बुझाने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई.
इसकी सूचना मिलते ही पिपरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिसकर्मियों ने भी युवती को समझाने का प्रयास किया. काफी देर तक चले घटनाक्रम के दौरान पुलिस उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश करती रही.
आखिरकार घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस युवती को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही. इसके बाद उसे थाने ले जाया गया, जहां उससे पूरे मामले को लेकर पूछताछ की गई.
पुलिस ने युवती को परिजनों के सुपुर्द किया
मामले में डीएसपी शिवांक सिंह ने बताया कि एक युवती पानी की टंकी पर चढ़ गई थी. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया. इसके बाद युवती से पूछताछ की गई और उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.
डीएसपी के मुताबिक, मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, सगाई के बाद युवक के शादी से इनकार करने से नाराज होकर युवती ने यह कदम उठाया था.
अखिलेश कुमार