अकेलेपन और बदहाली के बीच दंपति की संदिग्ध मौत, घर में मिली सड़ी लाश, इलाके में मचा हड़कंप

यूपी के कौशांबी जिले में एक दंपति के कई दिन पुराने शव घर के अंदर मिलने से सनसनी फैल गई. बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी. पत्नी का शव चारपाई पर और पति का शव जमीन पर मिला. पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है.

Advertisement
दंपति के अकेले रहने और बीमारी की बात आई सामने. (Photo: Screengrab) दंपति के अकेले रहने और बीमारी की बात आई सामने. (Photo: Screengrab)

अखिलेश कुमार

  • कौशांबी ,
  • 25 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:19 PM IST

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में एक दंपति का कई दिन पुराना शव घर के अंदर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के खरौना गांव की है. घर से तेज बदबू आने के बाद पड़ोसियों को शक हुआ. जब घर का दरवाजा खुलवाया गया तो अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए. कमरे में पति-पत्नी के शव पड़े मिले. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया.

Advertisement

मृतकों की पहचान फूलचन्द्र मिश्रा उर्फ अजय, उम्र करीब 62 वर्ष और उनकी पत्नी पूजा देवी, उम्र लगभग 55 वर्ष के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दोनों घर में अकेले रहते थे. दंपति की कोई संतान नहीं थी. स्थानीय लोगों और परिजनों के मुताबिक दोनों लंबे समय से बीमार चल रहे थे और शराब व अन्य नशे के आदी भी थे.

ग्रामीणों के अनुसार पिछले कई दिनों से दंपति घर से बाहर दिखाई नहीं दिए थे. इसी बीच घर से तेज बदबू आने लगी. आसपास रहने वाले लोगों को अनहोनी की आशंका हुई. पड़ोसियों ने घर के भीतर झांकने की कोशिश की लेकिन कोई हलचल नहीं दिखी. इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई.

घर के अंदर मिले दंपति के सड़े शव

सूचना मिलते ही पश्चिम शरीरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर का दरवाजा खुलवाया गया. अंदर का दृश्य बेहद दर्दनाक था. पत्नी पूजा देवी का शव चारपाई पर पड़ा था जबकि पति फूलचन्द्र मिश्रा का शव जमीन पर मिला. दोनों शव कई दिन पुराने बताए जा रहे हैं. शवों की हालत खराब होने के कारण पूरे इलाके में बदबू फैल गई थी.

Advertisement

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रयागराज जोन के आईजी अजय मिश्रा, एडिशनल एसपी राजेश सिंह और डीएसपी जेपी पांडेय भी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने फील्ड यूनिट टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए. पूरे घर की बारीकी से जांच की गई. इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

पुलिस फिलहाल इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है. शुरुआती जांच में हत्या और आत्महत्या दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखा गया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी.

एडिशनल एसपी राजेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है. उन्होंने कहा कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी

गांव में इस घटना के बाद दहशत और चर्चा का माहौल है. कई लोग इस बात से हैरान हैं कि दंपति की मौत कई दिन पहले हो चुकी थी और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और क्या इसके पीछे कोई साजिश है या फिर मामला आत्महत्या का है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement