उत्तर प्रदेश के झांसी में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है. यहां एक सराफा कारोबारी के घर और दुकान को चोरों ने उस समय निशाना बनाया, जब पूरा परिवार बेटी की शादी में शामिल होने के लिए बाहर गया हुआ था. सूना घर देखकर बदमाशों ने ताले तोड़कर घर और दुकान में घुसकर करीब 50 लाख रुपए के सोना-चांदी के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया.
यह घटना एरच थाना क्षेत्र के इसकिल बुजुर्ग गांव की है. चोरी की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.
इसकिल बुजुर्ग गांव के रहने वाले सराफा कारोबारी जितेंद्र सोनी अपने घर में ही ज्वेलरी की दुकान चलाते हैं. परिवार के मुताबिक उनकी बेटी की शादी मध्य प्रदेश के छतरपुर में तय हुई थी.
9 मार्च को शादी समारोह होना था. इसी कारण 9 मार्च की सुबह करीब 10 बजे पूरा परिवार घर में ताला लगाकर छतरपुर के लिए रवाना हो गया. घर और दुकान दोनों में ताला पड़ा था.
पड़ोसियों ने दी चोरी की सूचना
परिवार के जाने के बाद अगले दिन सुबह पड़ोसियों ने घर के मुख्य गेट की कुंडी टूटी हुई देखी. शक होने पर उन्होंने तुरंत फोन कर परिवार को इसकी जानकारी दी.
सूचना मिलते ही परिवार वापस गांव पहुंचा. जब उन्होंने घर का दरवाजा खोला तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए. कमरों के ताले टूटे हुए थे, अलमारियां खुली पड़ी थीं और पूरा सामान बिखरा हुआ था. वहीं दुकान का ताला भी टूटा मिला और वहां रखे कीमती गहने गायब थे.
यह भी पढ़ें: फर्जी निवेश स्कीम, मुनाफे का झांसा और लाखों की ठगी... साइबर पुलिस ने गिरोह का किया भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार
परिजनों के मुताबिक, चोरों ने घर और दुकान दोनों को पूरी तरह खंगाला. दुकान में रखे सोने-चांदी के गहनों के साथ नकदी भी गायब थी. दुकान से करीब 52 ग्राम सोना, लगभग 2 किलो चांदी और करीब 35 हजार रुपए कैश चोरी हो गए. वहीं घर के अंदर से कारोबारी की मां के करीब 273 ग्राम सोने के जेवर, लगभग 3 किलो चांदी और करीब 50 हजार रुपए कैश भी बदमाश अपने साथ ले गए.
इस तरह कुल मिलाकर चोर करीब 325 ग्राम सोना, 5 किलोग्राम चांदी और नकदी लेकर फरार हो गए. इन गहनों और नकदी की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई जा रही है.
पहले की रेकी, फिर रात में दिया वारदात को अंजाम
जब परिवार ने घर और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो उसमें संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं. फुटेज में दिखाई दिया कि जब 9 मार्च को परिवार कार से शादी के लिए निकल रहा था, उसी समय दो बाइक पर सवार तीन युवक घर के आसपास मंडराते दिखे.
कुछ देर तक वे घर के पास खड़े रहे और फिर वहां से चले गए. परिजनों को शक है कि उसी समय बदमाशों ने घर की रेकी की थी. इसके बाद देर रात करीब 2 बजे चोर वापस आए और ताला तोड़कर घर तथा दुकान के अंदर घुस गए. इसके बाद उन्होंने आराम से पूरे घर और दुकान को खंगाल दिया और कीमती सामान लेकर फरार हो गए.
सबूत मिटाने की भी कोशिश
बताया जा रहा है कि चोरी के दौरान बदमाशों ने सबूत मिटाने की कोशिश भी की. घर के अंदर लगे कुछ सीसीटीवी कैमरों को उन्होंने तोड़ दिया. हालांकि बाहर लगे कैमरों में उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड हो गईं, जिससे पुलिस को जांच में मदद मिलने की उम्मीद है.
घटना की सूचना मिलने पर एरच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घर और दुकान से सीसीटीवी का डीवीआर कब्जे में ले लिया है.
पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.
फिलहाल इस बड़ी चोरी की वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही चोरों को नहीं पकड़ा गया तो ऐसी घटनाएं बढ़ सकती हैं. वहीं पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
अजय झा